तेज रफ्तार बोलेरो पलटने के बाद पुलिया से गिरी, आठ लोगों की मौत, सात घायल

दमोह (एमपी)। कैंसर की दवा लेकर लौट रहे लोगों की बोलेरो महादेव घाट के पुल पर बेकाबू होकर पलटने के बाद 20 फीट गहराई में जा गिरी, जिससे आठ लोगों की मौत हो गई। कई अन्य लोग घायल हो गये, जिन्हें जिला अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। इनमें से कुछ को हालत गंभीर होने से जबलपुर के लिए रैफर कर दिया गया। बोलेरो में करीब डेढ़ दर्जन लोग सवार थे।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, नोहटा थाने की बनवार चौकी के समीप महादेव पुल घाट के पास बोलेरो तेज रफ्तार के चलते बेकाबू होने से पलटने के बाद पुल से नीचे जा गिरी। आठ लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि सात अन्य घायल हो गये। बताया गया है कि हादसे के बाद सभी लोग बोलेरो के नीचे दब गये। सूचना पर पुलिस व प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और शवों को मोर्चरी, जबकि घायलों को अस्पताल भिजवा दिया। हादसे का शिकार सभी लोग जबलपुर जिले के निवासी हैं। बताया जा रहा है कि सभी लोग बोलेरो से घाट पिपरिया में किसी पंडा के यहां से कैंसर की दवा लेकर वापिस लौट रहे थे।
इनकी गई जान
हादसे में इन लोगों की गई जान
वैजयंती पति वीरन उम्र 65 वर्ष निवासी भीटा थाना शहपुरा, जबलपुर।
लोग बाई पति हल्के सिंह उम्र 60 वर्ष निवासी भीटा थाना शहपुरा, जबलपुर।
हल्की बाई पति बलवान सिंह उम्र 35 वर्ष निवासी भीटा थाना शहपुरा, जबलपुर।
संपत बाई पति मुन्ना सिंह उम्र 50 वर्ष निवासी भैरव घाट पिपरिया।
गुड्डी बाई पति रज्जु सिंह उम्र 45 वर्ष निवासी सुंदरा देही।
रचना पिता कल्याण सिंह उम्र 19 वर्ष निवासी पोंडी कटंगी।
तम्मना पिता देवेंद्र सिंह उम्र 10 वर्ष निवासी भीटा थाना शहपुरा, जबलपुर।
शिब्बू पिता हरी सिंह उम्र 8 वर्ष निवासी डुगरिया, जबलपुर।