जयपुर। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और उनके सहयोगी मंत्रियों ने दावा किया है कि पिछले दो साल में इतने विकास कार्य हुए हैं कि राजस्थान की तस्वीर बदल गई है। उन्होंने यह वादा भी किया है कि आगे भी विकास के इतने काम होंगे कि प्रदेश की तकदीर बदल जाएगी। मुख्यमंत्री और उनके सहयोगी मंत्रियों ने मुख्यमंत्री के सरकारी निवास पर आयोजित एक कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। इस कार्यक्रम में सुजानगढ़, सहाड़ा, वल्लभ नगर और राजसमंद क्षेत्रों में 158 करोड़ रुपए की लागत के 178 विकास कार्यों के शिलान्यास और लोकार्पण किया।
एजुकेशन के क्षेत्र में अभूतपूर्व काम हुए
शिक्षा राज्यमंत्री गोविंद सिंह डोटासरा ने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में राज्य सरकार ने पहले साल में वित्तीय कुप्रबंधन की गंभीर चुनौती तथा दूसरे साल में कोरोना महामारी जैसे दो संकटों का सफलता से सामना किया है। उन्होंने कहा कि विगत दो वर्षों में स्कूलों के क्रमोन्नयन, महात्मा गांधी इंग्लिश मीडियम स्कूल सहित क्वालिटी एजुकेशन के क्षेत्र में अभूतपूर्व काम हुआ है। उच्च शिक्षा राज्यमंत्री भंवरसिंह भाटी ने कहा कि जनप्रतिनिधि के रूप में मास्टर भंवरलाल मेघवाल ने सुजानगढ़ क्षेत्र के विकास को नए आयाम दिए। उनका असामयिक निधन अपूरणीय क्षति है। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार इस क्षेत्र के विकास में कोई कमी नहीं रखेगी। चिकित्सा राज्यमंत्री डॉ. सुभाष गर्ग ने विकास कार्यों के लिए संबंधित विधानसभा क्षेत्रों की जनता को बधाई दी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री अशोक गहलोत की सजगता से प्रदेश में बेहतरीन कोविड प्रबंधन के साथ ही विकास कार्यों को आगे बढ़ाया जा रहा है।
विकास कार्यों को मिल रही है गति
परिवहन मंत्री प्रताप सिंह खाचरियावास से कहा कि डीएमएफटी फंड का स्थानीय विकास कार्यों में उपयोग सुनिश्चित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों के सुझावों के आधार पर इस फंड के माध्यम से इन क्षेत्रों में स्वास्थ्य, पेयजल, शिक्षा आदि कार्यों को गति दी जा रही है। सहकारिता मंत्री उदय लाल आंजना ने कहा कि राजसमन्द जिले में विकास की भरपूर संभावनाएं हैं। हमारी सरकार यहां के औद्योगिक विकास को गति दे रही है। इस क्षेत्र में खनिज संपदा का उपयोग भी विकास कार्यों के लिए कर युवाओं को रोजगार से जोड़ा जा रहा है।
लोगों को बेहतर सुविधाएं देने का प्रयास
नगरीय विकास मंत्री शांति धारीवाल ने कहा कि प्रदेशभर में स्वायत्त शासन विभाग के माध्यम से आधारभूत ढांचे को मजबूत करने का काम किया जा रहा है। वल्लभ नगर, सहाड़ा, राजसमंद और सुजानगढ़ विधानसभा क्षेत्रों के लिए भी विभिन्न परियोजनाओं को मंजूरी दी गई है। हमारा प्रयास है कि यहां के लोगों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हों। जलदाय मंत्री बीडी कल्ला ने कहा कि जिन कार्यों का आज लोकार्पण एवं शिलान्यास हुआ है।
टीकाकरण की पूरे देश में सराहना
चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री डॉ. रघु शर्मा ने कहा कि राज्य सरकार ने कोविड-19 के साथ-साथ टीकाकरण का भी बेहतर प्रबंधन किया है। पूरे देश में इसकी सराहना हो रही है। टीकाकरण के मामले में भी हम देश में अग्रणी पायदान पर हैं।
सामाजिक सुरक्षा के क्षेत्र में हुए उल्लेखनीय कार्य
इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष डॉ. सीपी जोशी ने कहा कि गहलोत के नेतृत्व में सामाजिक सुरक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य हुआ है। एक संवेदनशील मुख्यमंत्री के रूप में उन्होंने एक विशेष पहचान बनाई है। उन्होंने कहा कि जिस तरह से तकनीक का विकास हुआ है उसे देखते हुए युवा पीढ़ी को नए विजन के साथ गवर्नेंस से जोड़ना होगा। उन्होंने क्वालिटी एजुकेशन पर भी जोर दिया।