खंडवा रोड पर गुरुवार को बड़ा हादसा हो गया। एक यात्री बस 50 फीट गहरी खाई में गिर गई। हादसे में करीब 6 लोगों की मौत हो गई। लगभग 17 लोग घायल हुए हैं।
घटना सिमरोल थाना क्षेत्र की है। इंदौर से खंडवा जा रही यात्री बस भैरव घाट पर अनियंत्रित होकर पलट गई। बस में करीब 50 यात्री सवार थे। पलटने के बाद बस पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और पहिए ऊपर आ गए। घटना में छह लोगों की मौत की खबर है। करीब 17 लोग घायल हुए हैं। घटना की सूचना मिलते ही 108 एबंलेंस और पुलिस मौके पर पहुंची। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा। बस में दबे यात्रियों को निकालने में मशक्कत करनी पड़ी। घटनास्थल पर चीख पुकार मच गई। घटना के बाद कलेक्टर मनीष सिंह घटनास्थल पर रवाना हुए हैं।

घटना के बाद घाट पर जाम लग गया। मौके पर बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। कुछ लोग नीचे उतरे और घायलों को निकालने में मदद की। काफी देर तक जाम लगा रहा जिस कारण यातायात बाधित हुआ।

हादसे में कई लोग बस के नीचे दब गए। हादसे के बाद बस पूरी तरह उल्टी हो गई थी। चारों पहिए ऊपर आ गए थे। जो लोग धक्के से बाहर गिरे वे जैसे तैसे ऊपर चढ़े। घायलों में कुछ की हालत गंभीर बनी हुई है।