धूणी अंडरब्रिज की टूटी सड़क से उड़ी धूल पर फूटा आक्रोश, महिलाओं ने संभाला मोर्चा

Update: 2025-11-08 07:05 GMT

गुलाबपुरा। धूणी अंडरब्रिज की बदहाल सड़क और उड़ती धूल-मिट्टी से परेशान लोगों का गुस्सा आखिर फूट पड़ा। शुक्रवार रात से ही क्षेत्रवासियों ने सड़क किनारे अलाव जलाकर पूरी रात विरोध जताया। धूणी अंडरब्रिज मार्ग पर टूटी सड़क से उठती धूल ने आसपास के मकानों में रहना मुश्किल कर दिया है।

सुबह होते ही क्षेत्र की महिलाओं ने मोर्चा संभाला और सड़क पर उतरकर प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। लोगों का कहना है कि बार-बार शिकायत करने के बावजूद नगरपालिका और प्रशासन ने अब तक कोई ध्यान नहीं दिया।

गुस्साए लोगों ने बांस-बल्लियां लगाकर मार्ग को पूरी तरह बंद कर दिया है। सड़क जाम में  बच्चे भी शामिल हुए और उन्होंने बड़ों के साथ मिलकर विरोध में हिस्सा लिया।

स्थिति की गंभीरता के बावजूद मौके पर पुलिस तो पहुंची, लेकिन कोई अधिकारी या जनप्रतिनिधि नहीं आया। इससे लोगों में नाराजगी और बढ़ गई है। स्थानीय निवासियों ने चेतावनी दी है कि जब तक टूटी सड़क की मरम्मत और धूल नियंत्रण की व्यवस्था नहीं होती, तब तक रास्ता नहीं खोला जाएगा।

Similar News