भीलवाड़ा (कैलाश चंद्र शर्मा)। मांडल ब्लॉक के सुरास 1 ग्राम में गुरुवार को शिक्षा और प्रोत्साहन की एक नई अलख जगाई गई। अनिल अग्रवाल फाउंडेशन द्वारा संचालित अर्पण सेवा संस्थान के सहयोग से आंगनवाड़ी केंद्र (नंद घर सुरास प्रथम) पर एक विशेष वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
इस अवसर पर राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय सुरास के प्रधानाचार्य गोपाल जी द्वारा बच्चों को स्कूल बैग और पानी की बोतलों का वितरण किया गया। नए बैग पाकर नन्हे बच्चों के चेहरे खिल उठे। संस्थान की क्लस्टर सुपरवाइजर सरला राव ने बताया कि इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य बच्चों को केंद्र तक आने के लिए प्रोत्साहित करना और उनकी नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करना है।
अभिभावकों को दिया स्वच्छता और पोषण का संदेश
कार्यक्रम के दौरान सरला राव ने मौजूद अभिभावकों को बच्चों की स्वच्छता, बेहतर पोषण और शिक्षा के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने प्रेरित किया कि बच्चों की नींव मजबूत करने के लिए उन्हें नियमित रूप से आंगनवाड़ी केंद्र भेजना अनिवार्य है।
ग्रामीणों ने जताया आभार
इस मौके पर विद्यालय के अध्यापक गण, पंजीकृत बच्चों के अभिभावक और कई गणमान्य नागरिक उपस्थित थे। ग्रामीणों ने संस्था की इस पहल का स्वागत करते हुए बच्चों को नियमित रूप से केंद्र भेजने का संकल्प लिया। कार्यक्रम को सफल बनाने में आंगनवाड़ी कार्यकर्ता मुन्नी भाटी और सहायिका का विशेष सहयोग रहा।