पंचवटी विकास समिति ने शुरू किया अनूठा पर्यावरणीय अभियान — स्मृति में हरियाली!

भीलवाड़ा पंचवटी विकास समिति अब केवल भौतिक विकास तक सीमित नहीं रही, बल्कि अब उसने सामाजिक सरोकार और पर्यावरणीय दायित्व की दिशा में भी ठोस कदम बढ़ा दिए हैं। इसी क्रम में समिति ने शनिवार सुबह 7:30 बजे से "स्मृति में हरियाली" नामक एक विशेष पौधारोपण अभियान की शुरुआत की। इस अभियान की विशेषता यह रही कि इसमें कॉलोनीवासियों ने भावनात्मक रूप से सहभागिता निभाई। कई सम्माननीय निवासियों ने अपने स्वर्गीय माता-पिता, परिजनों एवं पूर्वजों की पुण्य स्मृति में पौधे गोद लिए और उनका विधिवत रोपण किया।
स्मृति में लगाया गया पौधा — पीढ़ियों तक देगा जीवन संदेश!
यह महज एक पौधारोपण कार्यक्रम नहीं था, बल्कि श्रद्धा, स्मृति और संस्कारों का सजीव प्रतीक था। यह पहल आने वाली पीढ़ियों के लिए यह संदेश छोड़ जाएगी कि पूर्वजों के प्रति सम्मान और प्रकृति के प्रति कर्तव्य दोनों एक साथ निभाए जा सकते हैं। हर एक पौधा न केवल एक श्रद्धांजलि है, बल्कि पर्यावरणीय जागरूकता और सामाजिक-सांस्कृतिक मूल्यों की मिसाल भी है। जैसे-जैसे ये पौधे बढ़ेंगे, वैसे-वैसे इनमें निहित भावनाएं भी और अधिक गहराती जाएंगी !
समिति अध्यक्ष विक्रम झा ने बतया इस अभियान का मुख्य उद्देश्य लोगों को अपने पूर्वजों से भावनात्मक रूप से जोड़ना है।5 नई पीढ़ी को यह सीख देना ज़रूरी है कि प्रकृति और पूर्वज — दोनों के प्रति हमारी ज़िम्मेदारी है। उन्होंने यह भी बताया कि लगाए गए सभी पौधे 13 से 15 फीट ऊंचे छायादार वृक्ष हैं, जो न केवल हरियाली और छाया प्रदान करेंगे, बल्कि आने वाले वर्षों में पर्यावरण संतुलन बनाए रखने में भी सहायक सिद्ध होंगे।
वहीँ समिति सचिव अभिषेक चंडालिया ने सभी कॉलोनीवासियों से अपील की कि वे इस अभियान से जुड़ें और अपने पूर्वजों की स्मृति को एक जीवंत रूप दें। उन्होंने कहा कि हम सभी मिलकर अपनी कॉलोनी को हरित, स्वच्छ और सुंदर बना सकते हैं।
इस अवसर पर समिति के पदाधिकारी एवं कई गणमान्य नागरिक — अशोक जिनगर, राहुल जैन, मुकेश लौट, सुनील नामदेव, अंकित सोनी, गोपाल शर्मा, अभिषेक जैन और मिथिलेश शर्मा सहित अनेक निवासी उपस्थित रहे और पर्यावरण संरक्षण के इस पुनीत कार्य में भागीदारी निभाई।