प्याज की फसल के बीच छिपी थी 'काली कमाई': जयपुर पुलिस ने पकड़ी अवैध अफीम की खेती, 363 पौधे बरामद
जयपुर में प्याज की फसल के बीच छिपाकर अवैध अफीम की खेती की जा रही थी। मादक पदार्थ तैयार करने के इस धंधे का खुलासा जयपुर वेस्ट पुलिस ने किया। खोराबीसल थाना पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए एक खेत से 363 अफीम के पौधे बरामद कर आरोपी को गिरफ्तार किया। बरामद पौधों का कुल वजन करीब 65 किलो 500 ग्राम बताया गया है।
वहीं अफीम के कई पौधों के फल पर चीरा लगा हुआ था, जिनसे अफीम का दूध निकल रहा था। इसी को एकत्र कर अफीम बनाई जाती है।
डीसीपी वेस्ट हनुमान प्रसाद ने बताया- ऑपरेशन क्लीन स्वीप के तहत विशेष अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत बुधवार देर रात पुलिस टीम को सूचना मिली कि खोराबीसल थाना क्षेत्र के गांव किशनपुरा में रामलाल शर्मा अपने खेत में अवैध रूप से अफीम की खेती कर रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और खेत की जांच की।
पुलिस ने मौके से खेत मालिक रामलाल शर्मा (52) निवासी बस स्टैंड के पास गांव किशनपुरा को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है।
प्याज के पौधों के बीच उगाए अफीम के पौधे
पुलिस को जांच के दौरान खेत में प्याज की फसल के बीच 1 से 3 फीट ऊंचाई के अफीम के पौधे मिले। मौके पर हल्का पटवारी को बुलाकर जमीन की जांच कराई गई। इसमें खेत का खसरा नंबर 687/104 रकबा 0.3376 हेक्टेयर पाया गया, जो राजस्व रिकॉर्ड में रामलाल शर्मा के नाम दर्ज है।
NDPS एक्ट में केस दर्ज, पहले से दर्ज हैं 8 मामले
आरोपी रामलाल शर्मा से अवैध मादक पदार्थों की खेती और संभावित तस्करी नेटवर्क के बारे में पूछताछ की जा रही है। वहीं पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी रामलाल शर्मा के खिलाफ विभिन्न थानों में पहले से 8 आपराधिक मामले दर्ज हैं।
