राजसमंद। जिले के दिवेर क्षेत्र से एक हृदयविदारक घटना सामने आई है, जहां शादी समारोह की खुशियां अचानक मातम में तब्दील हो गई। दौवड़ा से गुणिया गांव आई एक बारात में शामिल युवक की तालाब में डूबने से दर्दनाक मौत हो गई।
मिली जानकारी के अनुसार, युवक कन्हैयालाल (22) पुत्र रतनलाल गुर्जर, निवासी डिंगरोल, बारात में शामिल होने के लिए गुणिया गांव आया था। दोपहर के समय वह गांव के पास स्थित गुणिया तालाब में नहाने गया था। नहाते समय अचानक पैर फिसलने या गहराई का अंदाजा नहीं होने के कारण वह गहरे पानी में चला गया और डूब गया।
सिविल डिफेंस ने निकाला शव
हादसे की सूचना मिलते ही मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई। सूचना पर राजसमंद से सिविल डिफेंस की टीम तत्काल मौके पर पहुंची। टीम ने पुलिस और स्थानीय ग्रामीणों की मदद से कड़ी मशक्कत के बाद युवक के शव को तालाब से बाहर निकाला।
अस्पताल में रखवाया शव
दिवेर थाना अधिकारी दौलत सिंह ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि मृतक की शिनाख्त डिंगरोल निवासी कन्हैयालाल गुर्जर के रूप में हुई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर दिवेर अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया है, जहां पोस्टमार्टम की कार्रवाई की जा रही है। इस घटना के बाद शादी वाले घर सहित पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।