सीकर। शहर के कोतवाली थाना इलाके में एक 37 वर्षीय युवक ने कमरे में चुन्नी से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। इस घटना के बाद मृतक के पिता ने पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराई है, जिसमें उन्होंने अपने बेटे की मौत के लिए उसकी पत्नी और एक अन्य युवक को जिम्मेदार ठहराया है। मृतक के पिता के अनुसार, उनके बेटे की शादी वर्ष 2015 में हुई थी। आरोप है कि उनके पड़ोस में आने-जाने वाले एक युवक के मृतक की पत्नी के साथ अवैध संबंध थे। उस युवक ने महिला को छुपकर बात करने के लिए मोबाइल भी दिला रखा था। जब परिवार को इस बारे में पता चला तो उन्होंने मोबाइल तोड़ दिया, लेकिन आरोपी ने महिला को दूसरा फोन दिला दिया। परिजनों का आरोप है कि आरोपी युवक मृतक की पत्नी से शादी करना चाहता था और इसके लिए वह मृतक को रास्ते से हटाना चाहता था।
पुलिस केस: 8 मार्च को आरोपी ने गाड़ी के शीशे तोड़ने का झूठा आरोप लगाकर मृतक को कोतवाली थाने भिजवा दिया था, हालांकि जांच में मामला फर्जी पाए जाने पर उसे छोड़ दिया गया।
धमकी : थाने से छूटने के बाद आरोपी ने युवक को धमकी दी थी कि "अगर हमारे बीच में आए तो जान से मार दूंगा, आगे से तेरा जीना हराम कर दूंगा।"
पत्नी के पीहर जाने के बाद उठाया खौफनाक कदम
बताया जा रहा है कि 6 मार्च को मृतक की पत्नी अपने पीहर चली गई और जाते समय उसने कहा कि वह अब कभी वापस नहीं आएगी और अपने प्रेमी के साथ ही रहेगी। इस मानसिक तनाव और सामाजिक बदनामी के डर से परेशान होकर युवक ने 10 मार्च की शाम अपने कमरे में सुसाइड कर लिया।
पुलिस की कार्रवाई:
कोतवाली थानाधिकारी सुनील कुमार जांगिड़ ने बताया कि मृतक के पिता की रिपोर्ट पर मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अब कॉल डिटेल्स और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की गहनता से जांच कर रही है।
