शादी की खुशियां मातम में बदली, दूल्हे पक्ष ने दुल्हन पक्ष के तीन लोगों की हत्या की

धुले (महाराष्ट्र)। महाराष्ट्र के धुले जिले से एक रोंगटे खड़े कर देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक विवाह समारोह के दौरान खूनी संघर्ष छिड़ गया। पिंपलनेर के नीलकंठ नगर इलाके में हल्दी की रस्म के दौरान दूल्हा और दुल्हन पक्ष के बीच शुरू हुआ मामूली विवाद तिहरे हत्याकांड (Triple Murder) में तब्दील हो गया। इस हमले में दुल्हन पक्ष के तीन लोगों की बेरहमी से हत्या कर दी गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हैं।

हल्दी की रस्म के दौरान खूनी खेल

जानकारी के अनुसार, शुक्रवार को विवाह संपन्न होना था और गुरुवार को हल्दी की रस्म चल रही थी। दोपहर के समय साक्री और सोनगड से आए रिश्तेदारों के बीच किसी बात को लेकर बहस शुरू हुई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि दूल्हे पक्ष के कुछ लोगों ने धारदार हथियारों से दुल्हन पक्ष पर हमला कर दिया। मौके पर ही चीख-पुकार मच गई और शादी का पंडाल रणक्षेत्र में बदल गया।

वॉट्सऐप संदेश बना विवाद की जड़!

पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों पक्षों के बीच पहले से ही मनमुटाव चल रहा था। बताया जा रहा है कि सगाई के दौरान वॉट्सऐप पर कुछ आपत्तिजनक संदेश और वीडियो साझा किए गए थे, जिससे तनाव और बढ़ गया था। इसी पुरानी रंजिश के चलते शादी समारोह के दौरान अचानक हमला किया गया।

मृतकों और घायलों का विवरण

इस हमले में देवेन्द्र ज्ञानेश्वर पवार (35), सुरेश मोजगीर गोसावी (55) और साहिल सुरेश गोसावी (22) की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, पंकज गिर, सुरेश सुपडूगिर और सागर गोसावी गंभीर रूप से घायल हैं, जिनका स्थानीय अस्पताल में उपचार चल रहा है।

पुलिस छावनी में तब्दील हुआ इलाका

घटना के बाद पिंपलनेर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। इलाके में बढ़ते तनाव को देखते हुए भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि हमलावरों की पहचान की जा रही है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। एक पल में खुशियां मातम में बदलने से पूरे गांव में शोक की लहर है।

Next Story