रेलवे ट्रैक के पास मिली अज्ञात युवक की लाश, जांच में जुटी हमीरगढ़ पुलिस

भीलवाड़ा। भीलवाड़ा-चित्तौडग़ढ़ रेल मार्ग स्थित हमीरगढ़ रेलवे स्टेशन क्षेत्र में शुक्रवार सुबह एक अज्ञात युवक की लाश मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर मोर्चरी में सुरक्षित रखवाया है।

कीरों की झोंपडिय़ा के ग्रामीणों ने देखा शव

दीवान भूपेंद्र सिंह ने बताया कि शुक्रवार सुबह करीब आठ बजे कीरों की झोंपडिय़ा गांव के ग्रामीणों ने रेलवे ट्रैक के पास एक युवक का शव देखा और तुरंत पुलिस को सूचित किया। पुलिस ने जब मौके का मुआयना किया, तो करीब 30 वर्षीय युवक का शव पड़ा मिला, जिसके शरीर पर गंभीर चोटों के निशान थे।

फैक्ट्री श्रमिक होने की संभावना, पहचान के प्रयास जारी

प्रारंभिक जांच और आस-पास के लोगों से मिली जानकारी के अनुसार, मृतक युवक बिहार का निवासी बताया जा रहा है। कहा जा रहा है कि वह दो-तीन दिन पहले ही अपने गांव से काम की तलाश में यहां आया था और पास की किसी फैक्ट्री में कार्यरत था। हालांकि, अभी तक मृतक की पुख्ता पहचान नहीं हो पाई है।

पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भिजवा दिया है। परिजनों को सूचित करने के प्रयास किए जा रहे हैं, जिनके आने के बाद ही मृतक की आधिकारिक पहचान हो सकेगी। पुलिस मामले की जांच कर रही है कि यह हादसा है या कोई अन्य कारण।

Next Story