नशे के सौदागरों पर एएनटीएफ का 'प्रहार': राजस्थान के चार जिलों में बड़ी कार्यवाहियाँ, लाखों का माल बरामद

जयपुर/उदयपुर/चित्तौड़गढ़: राजस्थान में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार पुलिस महानिदेशक और एडीजी दिनेश एम.एन. के मार्गदर्शन में ANTF (Anti Narcotics Task Force) ने प्रदेशव्यापी अभियान छेड़ रखा है। इसी कड़ी में आईजी विकास कुमार के नेतृत्व में पुलिस ने उदयपुर, चित्तौड़गढ़, डीग और जयपुर में चार बड़ी कार्यवाहियों को अंजाम देते हुए करीब 50 लाख रुपये का अवैध नशा जब्त किया है। इन कार्यवाहियों में पुलिस ने कुल 8 आरोपियों को दस्तयाब कर दो बोलेरो गाड़ियाँ जब्त की हैं।
उदयपुर: कबाड़ की आड़ में गांजा तस्करी का भंडाफोड़
सबसे बड़ी सफलता उदयपुर के बेकरिया थाना क्षेत्र में मिली, जहाँ एटीएस और एएनटीएफ की टीम ने हाईवे पर स्थित कालबेलिया बस्ती में दबिश दी। यहाँ तस्करों ने भंगार (कबाड़) के धंधे की आड़ में गांजा बेचने का जाल बिछा रखा था। टीम ने एक बोलेरो पिकअप (RJ 21 GD 4913) का पीछा कर उसे गोगरूद-कोटड़ा रोड पर रुकवाया। गाड़ी की तलाशी लेने पर उसमें से 29 किलो 50 ग्राम गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने मौके से पांच आरोपियों—ओमकार, बाबूलाल, रतननाथ, भेरानाथ और किशन को गिरफ्तार किया है। ये आरोपी मांडवा से गांजा लाकर छोटी-छोटी पुड़िया बनाकर नशेड़ियों को सप्लाई करते थे।
चित्तौड़गढ़: हाईवे के किनारे झाड़ियों से मिला डोडा-चूरा
चित्तौड़गढ़ जिले के भीण्डर थाना क्षेत्र में एएनटीएफ ने नेशनल हाईवे-27 पर होटल ढाबों के आसपास चल रहे नशे के खेल को उजागर किया है। टीम को सूचना मिली थी कि मस्तराम होटल के पास अवैध माल छिपाया गया है। तलाशी के दौरान होटल से करीब 300 मीटर पीछे झाड़ियों और घास-फूस के बीच छिपाकर रखे गए दो कट्टों से 36 किलो 980 ग्राम डोडा-चूरा बरामद किया गया। पुलिस के अनुसार, यह माल ट्रक ड्राइवरों को सप्लाई करने के लिए रखा गया था।
डीग: बोलेरो से गांजा सप्लाई करने जा रहे दो तस्कर गिरफ्तार
भरतपुर संभाग के डीग जिले में कुम्हेर थाना क्षेत्र के सूरौता गांव में पुलिस ने नाकाबंदी कर एक बोलेरो (UP 85 CF 2346) को घेरा। गाड़ी की तलाशी में 850 ग्राम गांजा मिला। इस मामले में पुलिस ने कालीचरण और धर्मपाल नामक दो आरोपियों को दस्तयाब किया है। ये दोनों आरोपी इलाके में नशे की खेप पहुँचाने की फिराक में थे।
जयपुर: पुलिस की गिरफ्त में 'स्मैक वाली लेडी'
राजधानी जयपुर के ट्रांसपोर्ट नगर इलाके में भी एएनटीएफ की टीम ने बड़ी सूझबूझ दिखाई। वेदपुरी कॉलोनी में सीमा सांसी नामक एक महिला को 8 ग्राम स्मैक के साथ रंगे हाथों दबोचा गया। आरोपी महिला हाथ में पर्स लटकाकर गली में ग्राहकों का इंतजार कर रही थी। खास बात यह है कि इस महिला पर पहले से ही अवैध शराब और नशे की तस्करी के 08 मामले दर्ज हैं।
आईजी की चेतावनी: "नशे के खिलाफ जारी रहेगी जंग"
महानिरीक्षक पुलिस श्री विकास कुमार ने बताया कि इन सभी कार्यवाहियों में शामिल टीमों को मुख्यालय पर विशेष रूप से सम्मानित किया जाएगा। उन्होंने जनता से अपील की है कि नशे के अवैध कारोबार की जानकारी होने पर तुरंत हेल्पलाइन नंबर 0141-2502877 या व्हाट्सएप नंबर 9001999070 पर सूचना दें। सूचना देने वाले का नाम पूरी तरह गुप्त रखा जाएगा।
