तस्करों का दुस्साहस:: एएनटीएफ और पुलिस ने पीछा किया तो गांव में घुसी फॉरच्यूनर, वाहनों को ठोककर तस्कर फरार
भीलवाड़ा (प्रेमकुमार गढ़वाल)। मादक पदार्थ तस्करों के हौसले इतने बुलंद हैं कि पकड़े जाने के डर से वे आम लोगों की जान जोखिम में डालने से भी नहीं कतरा रहे हैं। बीती रात बनेड़ा थाना क्षेत्र के घरटा गांव में ऐसा ही मंजर देखने को मिला, जब एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) और पुलिस टीम से बचने के लिए तस्करों ने अपनी तेज रफ्तार फॉरच्यूनर गांव की गलियों में घुसा दी और रास्ते में खड़े वाहनों को टक्कर मारते हुए फरार हो गए।
डिवाइडर पर चढ़ाई कार, 12किमी तक हुआ पीछा
जानकारी के अनुसार, भीलवाड़ा की एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स को डोडा-चूरा तस्करी की सूचना मिली थी। टीम ने बनेड़ा-गुलाबपुरा रोड पर बल्दरखा क्षेत्र में फॉरच्यूनर को टायर ब्रेकर से रोकने का प्रयास किया, लेकिन तस्करों ने दुस्साहस दिखाते हुए गाड़ी डिवाइडर पर चढ़ा दी और भाग निकले। इसके बाद बनेड़ा पुलिस ने डाबला क्षेत्र से मोर्चा संभाला और करीब 10 से 12किलोमीटर तक तस्करों का पीछा किया।
गांव में वाहनों को ठोका, टायर फटने पर छोड़ भागे गाड़ी
पीछे लगी टीमों को देखकर घबराए तस्करों ने अपनी गाड़ी घरटा गांव में घुसा दी। संकरी गली में एक कार और बाइक खड़ी होने के कारण रास्ता बंद था, लेकिन तस्करों ने उन्हें अपनी फॉरच्यूनर से जोरदार टक्कर मारी और क्षतिग्रस्त करते हुए बाहर निकल गए। इस दौरान टकराने और उबड़-खाबड़ रास्ते के कारण फॉरच्यूनर के टायर बस्र्ट (फट) हो गए। गाड़ी आगे नहीं चल सकी, जिसे तस्कर गांव के बाहर कच्चे रास्ते पर छोड़कर अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए।
57किलो डोडा-चूरा बरामद, टीम में ये रहे शामिल
पुलिस ने जब लावारिस मिली फॉरच्यूनर की तलाशी ली, तो उसमें 4 कट्टों में भरा 57किलो 120 ग्राम डोडा-चूरा बरामद हुआ। पुलिस ने नशीले पदार्थ सहित लग्जरी कार को जब्त कर लिया है। इस कार्रवाई में एएनटीएफ चौकी इंचार्ज अयूब मोहम्मद, कांस्टेबल राधेलाल, सुरेश नाथ, राजाराम, नारायण राम व बनेड़ा थाना प्रभारी बच्छराज आदि शामिल थे। पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर फरार तस्करों की तलाश तेज कर दी है।


