महिलाओं को एफएसटीपी के फायदों की दी जानकारी

महिलाओं को एफएसटीपी के फायदों की दी जानकारी
X


गंगापुर | मुकेश गुर्जर | राजस्थान नगरीय आधारभूत विकास परियोजना (आरयूआईडीपी) की सामुदायिक जागरूकता एवं जन सहभागिता इकाई द्वारा वार्ड संख्या 14 स्थित बैगनपुरा कुंड चौक में महिलाओं के लिए जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में समूह चर्चा के माध्यम से महिलाओं को स्वच्छता, सरकारी योजनाओं तथा एफएसटीपी (फीकल स्लज ट्रीटमेंट प्लांट) के लाभों की विस्तृत जानकारी दी गई।

डिप्टी टीम लीडर कैप अनिल सिंह ने परियोजना कार्यों की जानकारी देते हुए कहा कि स्वच्छता अपनाने से ही बीमारियों से बचाव संभव है। उन्होंने महिलाओं से घर से निकलने वाले कचरे को नगर पालिका की कचरा संग्रहण गाड़ी में ही डालने, नालियों व सड़कों पर कचरा नहीं फैलाने तथा मोहल्ले को साफ रखने की अपील की। उन्होंने बताया कि गंदगी से पनपने वाले मच्छर और मक्खियां भोजन को दूषित कर बीमारियां फैलाती हैं, इसलिए साफ-सफाई अत्यंत आवश्यक है।

कार्यक्रम में महिलाओं को स्वयं सहायता समूहों के बारे में जानकारी देते हुए बताया गया कि आपसी छोटी-छोटी बचत से महिलाएं आर्थिक रूप से मजबूत बन सकती हैं तथा घरेलू जीवन में सहयोग प्राप्त कर सकती हैं। साथ ही विभिन्न सरकारी योजनाओं एवं उनसे मिलने वाले लाभों की भी जानकारी दी गई।

सीएमई सौरभ पांडे ने बताया कि घरों के सेप्टिक टैंकों से निकलने वाले मलजल को टैंकरों के माध्यम से नेहरू नगर में बन रहे एफएसटीपी तक ले जाकर वैज्ञानिक तरीके से उपचारित किया जाएगा, जिससे उपयोगी खाद तैयार होगी और उसका उपयोग खेती में किया जा सकेगा। इससे गंदगी कम होगी और पर्यावरण स्वच्छ रहेगा।

Next Story