घर में मिली महिला डॉक्टर की सड़ी-गली लाश

घर में मिली महिला डॉक्टर की सड़ी-गली लाश
X


बीकानेर के बीछवाल थाना क्षेत्र के करणी नगर में बुधवार दोपहर एक महिला डॉक्टर का सड़ा-गला शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। पड़ोसियों को घर से बदबू आने पर पुलिस को सूचना दी गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घर का गेट तोड़कर अंदर प्रवेश किया तो कमरे में बेड पर डॉक्टर का शव पड़ा मिला।

डीएसपी सदर अनुष्का कालिया ने बताया कि मृतका की पहचान मोनिका भिजवानी (50) के रूप में हुई है। शव भोजवानी विला से बरामद किया गया। मौके पर एफएसएल टीम ने पहुंचकर जांच शुरू की। प्रारंभिक जांच में शव करीब चार दिन पुराना बताया गया है। शरीर गल चुका था और पूरे घर में दुर्गंध फैली हुई थी।

पुलिस ने बताया कि मृतका के भाई डॉ. संजय भोजवानी जर्मनी में रहते हैं। उन्हें घटना की जानकारी दे दी गई है। उनके बीकानेर पहुंचने के बाद पोस्टमॉर्टम कराया जाएगा।

जानकारी के अनुसार, डॉ. मोनिका पिछले कुछ समय से अकेली रह रही थीं और पड़ोसियों से बहुत कम बातचीत करती थीं। घर के अंदर एक कार भी खड़ी थी जिस पर धूल जमी हुई थी, जिससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि वे कई दिनों से बाहर नहीं निकली थीं।

Next Story