सात साल बाद भाई ने बहन से लिया बदला, जेल से बाहर आते ही उठाया खौफनाक कदम

एक भाई सात साल जेल में रहने के बाद जमानत पर बाहर आया और अपनी सगी बहन की गोली मारकर हत्या कर दी। वह अपनी बहन को भगाकर ले जाने वाले लड़के को भी मारना चाहता था, लेकिन इससे पहले पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। आरोपी इससे पहले बहन को भगाने वाले लड़के के पिता की हत्या के आरोप में जेल गया था। दरअसल, इस घटना की शुरुआत उत्तर प्रदेश के आगरा जिले से हुई। आरोपी घनश्याम सिंह आयेला गांव का रहने वाला है। करीब सात साल पहले उसकी बहन पिंकी गांव के दूसरी जाति के युवक के साथ भाग गई थी। इसका बदला लेने के लिए घनश्याम ने उसकी बहन को भगाने वाले लड़के के पिता की हत्या कर दी। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।हत्या के आरोप में गिरफ्तार धनश्याम सात साल जेल में रहा, लेकिन उसके अंदर जल रही बदले की आग कम नहीं हुई। पिछले महीने वह जमानत रिहा हुआ और बहन की हत्या की योजना बनाई। 14 दिसंबर को वह अपनी बहन पिंकी को लेकर धौलपुर आया और यहां गोली मारकर उसकी हत्या कर दी। बाद में उसके शव को दिहोली थाना इलाके में दफना दिया।
करीब चार दिन पहले महिला का शव मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। मृतका की पहचान पिंकी ठाकुर निवासी आयेला गांव जिला आगरा के रूप में हुई। जांच के बाद पुलिस ने घनश्याम सिंह को उत्तर प्रदेश से गिरफ्तार किया। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि बहन को मारने के बाद वह उसे भगाने वाले लड़के की हत्या करने वाला था।
आरोपी ने कहा कि लड़के को मारने के बाद ही उसका बदला पूरा होता। इन दोनों की वजह से वह सात साल जेल में रहा है। आरोपी घनश्याम ने यह भी पता कर लिया था कि वह लड़का फरीदाबाद में रहता था, लेकिन इधर पिंकी के शव की पहचान कर पुलिस उस तक पहुंच गईं। जिससे वह तीसरी हत्या नहीं कर सका। आरोपी ने बताया कि पिंकी की हत्या में दो साथियों ने भी उसका साथ दिया था। हालांकि, पुलिस अब तक उन्हें गिरफ्तार नहीं कर पाई है। उनकी तलाश की जा रही है।
