आठवीं कक्षा के छात्र ने फांसी लगाकर दी जान, दो लोगों के मिले शव

भीलवाड़ा बीएचएन। शहर से सटे बोरड़ा गांव में आठवीं कक्षा के एक छात्र ने फांसी लगाकर जान दे दी। वहीं शाहपुरा जिले में दो लोगों के शव मिले हैं।
पुर थाने के सहायक उप निरीक्षक जे. एल. ने बीएचएन को बताया कि बाेरड़ा निवासी कालू बैरवा का 16 साल का बेटा दिनेश गुरुवार को घर पर अकेला था। परिवार के लोग खेत पर थे। दोपहर में दिनेश का छोटा भाई खाना खाने घर गया। उसे ऊपर वाले कमरे में लोहे के पाइप से दिनेश का शव झूलता मिला। यह देखकर उसकी चीत्कार फूट पड़ी। इसके बाद आस-पास के लोग व परिजन भी घर आ गये। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। शव को फंदे से उतार कर जिला अस्पताल ले जाया गया। जहां मृतक के पिता कालू ने पुलिस को उक्त घटना की रिपोर्ट देते हुये शव का पोस्टमार्टम व पुलिस कार्रवाई करवाने से इनकार कर दिया। इसके चलते शव बिना पोस्टमार्टम परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। खुदकुशी के कारण अभी सामने नहीं आये हैं।
उधर, दो अन्य घटनायें शाहपुरा जिले के पंडेर थाने से सामने आई है। पुलिस ने बताया कि जामोली निवासी खाना 45 पुत्र नंदा कीर बुधवार शाम छह बजे घर से खेत पर चने की फसल की पिलाई करने गया था। जो घर नहीं लौटा। सुबह पत्नी खेत पर गई तो खाना खेत पर स्थित धोरे में मृत मिला।
इसी थाना सर्किल में एक अन्य हादसा गुरुवार शाम को हुआ। दीवान विजय सिंह ने बताया कि शाम को सूचना मिली कि हाडोता चौराहे जगन्नाथपुरा कच्चे रास्ते पर एक व्यक्ति पड़ा है। सूचना पर सिंह मय जाब्ता मौके पर पहुंचे, जहां सड़क किनारे एक व्यक्ति की लाश मिली। उसके पास ही उसकी बाइक पड़ी थी। सिर में चोट लगी थी। पुलिस ने मृतक की पहचान ओडियाखेड़ा निवासी छोटूलाल 48 पुत्र नारायण मीणा के रूप में कर ली गई। मृतक के परिजन भी आ गये। प्रथमदृष्टया छोटूलाल, बाइक फिसलने से नीचे गिरा। पत्थर पर सिर लगने से उसे चोट आई और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। शव को मोर्चरी में सुरक्षित रखवाया गया। पोस्टमार्टम शुक्रवार सुबह होगा।