कराची के पुलिस मुख्यालय में मुठभेड़ जारी, पांच आतंकी ढेर, अधिकारी समेत दो की मौत

पाकिस्तान के शहर कराची में शुक्रवार (17 फरवरी) को 8-10 आतंकियों ने पुलिस मुख्यालय पर हमला बोल दिया। इस आतंकी हमले में एक पुलिस अधिकारी समेत दो लोगों की मौत हुई है, जबकि पाक रेंजर समेत 10 लोग घायल हुए हैं। फिलहाल पुलिस मुख्यालय में पाक रेंजर्स और आतंकियों के बीच मुठभेड़ जारी है। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, गोलीबारी में अब तक पांच आतंकी मारे गए हैं। सिंध के मुख्यमंत्री मुराद अली शाह ने संबंधित डीआईजी को अपने क्षेत्रों से पुलिसकर्मियों को भेजने का निर्देश दिया है। मुराद अली शाह ने कहा, "मैं चाहता हूं कि अतिरिक्त आईजी के कार्यालय पर हमले के अपराधियों को गिरफ्तार किया जाए। पुलिस प्रमुख के कार्यालय पर हमला किसी भी कीमत पर स्वीकार्य नहीं था।'' मुख्यमंत्री ने संबंधित अधिकारी से एक रिपोर्ट भी मांगी और कहा कि वह व्यक्तिगत रूप से स्थिति की निगरानी कर रहे हैं। इस बीच सदर थाना पुलिस ने एक बयान में कहा कि उस पर हमला हुआ है। हर जगह गोलीबारी हो रही है।
