युवा महोत्सव में अधिक से अधिक प्रतिभाओं की भागीदारी सुनिश्चित करेंः जिला कलक्टर

उदयपुर,halchal।
जिला कलक्टर तारांचद मीणा ने कहा है कि राजस्थान युवा बोर्ड की ओर से आयोजित किया जा रहा राजस्थान युवा महोत्सव युवा प्रतिभाओं की खोज कर उन्हें उचित मंच उपलब्ध कराने का स्वर्णिम अवसर है। इसमें जिले से अधिक से अधिक प्रतिभाओं की भागीदारी सुनिश्चित की जानी चाहिए।
जिला कलक्टर रविवार को राजस्थान युवा महोत्सव की तैयारी बैठक को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने शिक्षा विभाग, कॉलेज शिक्षा, नेहरू युवा केंद्र, स्काउट-गाइड, एनएसएस सहित सभी इकाईयों को समन्वय से काम करते हुए इस आयोजन को सफल बनाने के निर्देश दिए। अतिरिक्त जिला कलक्टर प्रभा गौतम ने बताया कि राजस्थान युवा महोत्सव ब्लॉक, जिला एवं राज्य तीन स्तरों पर आयोजित होगा। ब्लॉक स्तरीय आयोजन 5 से 25 जुलाई के मध्य, जिला स्तरीय 26 जुलाई से 10 अगस्त के मध्य तथा राज्य स्तरीय कार्यक्रम 20 से 22 अगस्त 2023 को प्रस्तावित हैं। इसमें 15 से 29 वर्ष आयु वर्ग के युवा विभिन्न प्रतियोगिताओं में भाग ले सकेंगे। इसके लिए राजस्थान युवा बोर्ड की वेबसाइट पर ऑनलाइन रजिस्टेªशन करना अनिवार्य है। बैठक में लोक कला मंडल के निदेशक लईक हुसैन सहित शिक्षा, कॉलेज शिक्षा, खेल विभाग, नगर निगम के अधिकारी व प्रतिनिधि मौजूद रहे।
यह होंगी प्रतियोगिताएं
युवा महोत्सव के दौरान सामूहिक लोक नृत्य, सामूहिक लोक गायन, नाटक, शास्त्रीय नृत्य-कथक, भरतनाट्यम, ओडिसी, मणिपुरी, कचिपुरी नृत्य, शास्त्रीय एकल गायन, आशुभाषण, समूह चर्चा, स्लोगन, कविता लेखन, शास्त्रीय वाद्य यंत्र सितार, बांसुरी, तबला, मृदंग, वीणा, हारमोनियम, गिटार वादन, योगा, मार्शल आर्ट, चित्र कला पोस्टर बनाना, मिट्टी मॉडलिंग, भित्ति चित्र, लुप्त एवं दुर्लभ कला जैसे फड़, रावण हत्था, रम्मत, अलगोजा, माण्डणा, कठपुतली, खडताल, भपंग आदि की प्रतियोगिताएं हांेगी।
यूं करें आवेदन
युवा महोत्सव में भाग लेने के लिए अभ्यर्थियों को राजस्थान युवा बोर्ड की वेबसाइट डब्लू डब्लू डब्लू डॉट यूथ बोर्ड डॉट राजस्थान डॉट जीओवी डॉट इन पर जाकर राजस्थान यूथ फेस्टिवल-2023 आइकन पर क्लिक कर अपना जिला एवं ब्लॉक सलेक्ट करने पूर्ण विवरण के साथ ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन करना होगा। उसके बाद उसका प्रिंट निकालकर संबंधित जिले के मुख्य जिला शिक्षाधिकारी अथवा ब्लॉक शिक्षाधिकारी कार्यालय में प्रस्तुत करना होगा।
विजेताओं को मिलेगा कलारत्न अवार्ड
ब्लॉक एवं जिला स्तरीय युवा महोत्सव में प्रत्येक प्रतियोगिताओं में प्रथम, द्वितीय व तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विजेता दलों को कलारत्न लोगो सहित स्मृति चिह्न एवं प्रशस्ति पत्र से सम्मानित किया जाएगा। राज्य स्तर पर सामूहिक प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त करने पर स्मृति चिह्न व प्रमाण पत्र के साथ 20 हजार रूपए, द्वितीय को 15 हजार रूपए तथा तृतीय को 10 हजार रूपए नकद पुरस्कार भी दिया जाएगा। एकल प्रतियोगिता में पुरस्कार राशि क्रमशः पांच हजार, तीन हजार एवं दो हजार रूपए रहेगी।
यह है उद्देश्य
मुख्यमंत्री बजट घोषणा की क्रियान्विति में आयोजित हो रहे राजस्थान युवा महोत्सव का उद्देश्य राज्य की कला प्रतिभाओं की खोज तथा युवाओं को विभिन्न कलात्मक क्षेत्रों में अपनी प्रतिभा विकसित करने के लिए प्रेरित करना, युवा कलाकारों का डेटाबेस तैयार करना है। चयनित युवाओं प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करना एवं संबंधित कला में उनकी योग्यताओं में वृद्धि के लिए सुविधा उपलब्ध कराकर उन्हें राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए तैयार करना है
