एक बार फिर जबर्दस्त विरोध प्रदर्शन करने की तैयारी में किसान

एक बार फिर जबर्दस्त विरोध प्रदर्शन करने की तैयारी में किसान

देशभर के किसान एक बार फिर जबर्दस्त विरोध प्रदर्शन करने की तैयारी में हैं। इनमें एमपी के किसान भी शामिल हैं। इन्हें दिल्ली जाने से रोकने के लिए राज्य में किसानों और किसान नेताओं को गिरफ्तार किया जा रहा है।किसान नेताओं का आरोप है कि गिरफ्तारी के बाद उन्हें जमानत भी नहीं दी जा रही है।

प्रदेशभर से किसान दिल्ली कूच की तैयारी कर रहे हैं। ऐसे सैंकड़ों किसानों को पुलिस ने पकड़ा है। बताया जा रहा है कि प्रदेशभर में करीब 150 किसानों को गिरफ्तार किया गया है। प्रदेश में संयुक्त किसान मोर्चा द्वारा दिल्ली कूच का आव्हान किया गया है। 16 फरवरी को दिल्ली में प्रदर्शन की बात कही गई है।

इसपर प्रदेशभर के किसान दिल्ली कूच की तैयारी करने में लगे हैं। इनमें से कई लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। रविवार रात से ही किसानों की धर पकड़ शुरु कर दी गई थी। गिरफ्तार किए गए किसानों को पुलिस थानों में बैठाया गया है। 

प्रदेश की राजधानी भोपाल के साथ ही इंदौर, ग्वालियर, नर्मदापुरम आदि जगहों पर किसान नेताओं को पुलिस थानों में बैठाया गया है।
संयुक्त किसान मोर्चा और इससे जुड़े संगठनों के पदाधिकारियों को गिरफ्तार किया जा रहा है।

संयुक्त किसान मोर्चा इंदौर‌ के पदाधिकारियों के अनुसार राज्य सरकार किसानों की आवाज को दबाने की कोशिश कर रही है। रविवार रात से ही इंदौर के कई किसान नेताओं को थाने में बैठा लिया गया है। कई किसानों को देपालपुर थाना और सांवेर थाना में बैठाया।

किसानों को धारा 151 के तहत गिरफ्तार किया जा रहा है। यह शांतिभंग करने की धारा है। किसानों को जमानत भी नहीं दी जा रही है। किसान संगठनों ने इसे अलोकतांत्रिक एवं संविधान विरोधी कार्रवाई करार दिया है।

कहां किसको किया गिरफ्तार
— शिव कुमार कक्का को भोपाल में गिरफ्तार किया।
— किसान संघर्ष समिति की प्रदेश उपाध्यक्ष आराधना भार्गव को मुलताई पुलिस ने गिरफ्तार कर बैतूल जेल भेजा।
— भाकियू के प्रदेश अध्यक्ष अनिल यादव को एमपी नगर भोपाल में पकड़ा।
— किसान सभा के वरिष्ठ नेता रामनारायण कुरेरिया को जबलपुर में गिरफ्तार किया।
— किसान संघर्ष समिति के जिला उपाध्यक्ष शत्रुघ्न यादव को ग्वालियर में गिरफ्तार किया।

एमपी किसान आंदोलन एक नजर—
संयुक्त किसान मोर्चा के तत्वावधान में 13 फरवरी को दिल्ली कूच
16 फरवरी को ग्रामीण भारत बंद का आव्हान
संयुक्त किसान मोर्चा से एमपी के 27 किसान संगठन जुड़े

Next Story