भीलवाड़ा में बेखौफ बदमाश- अब दांथल में हुई चाकूबाजी, युवक के सीने पर वार कर भागे बदमाश, फैली दहशत

भीलवाड़ा में बेखौफ बदमाश- अब दांथल में हुई चाकूबाजी, युवक के सीने पर वार कर भागे बदमाश, फैली दहशत

भीलवाड़ा विजय गढ़वाल

शहर के निकटवर्ती दांथल गांव में शुक्रवार की रात दो साथियों के साथ बातचीत कर रहे युवक पर एक अन्य युवक ने चाकू से हमला कर दिया। चाकू का वार युवक के सीने में लगा, जिससे वह लहूलुहान हो गया। उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। वहीं हमलावर मौके से फरार हो गया। परिजनों का कहना है कि हमलावर के साथ उसके और साथी भी थे।
दांथल निवासी शोभालाल पुत्र देबीलाल जाट को शुक्रवार रात सीने में चाकू लगने के बाद गंभीर हालत में जिला अस्पताल में भर्ती करवाया गया। जहां उसका उपचार किया जा रहा है। उधर, अस्पताल में पीडि़त शोभालाल व उसके परिजनों ने हलचल को बताया कि शोभालाल का बड़ा भाई गोपाल एक डेयरी में कार्यरत है। करीब डेढ़ माह पहले गोपाल को बैंक जाते समय विशाल आदि ने फोरव्हीलर आगे लगाकर रोक लिया और झगड़ा किया। इसके बाद गांव वालों ने दोनों पक्षों को समझा कर आइंदा झगड़ा नहीं करने की हिदायत दी।
इसके बाद से दोनों पक्ष शांत थे। शुक्रवार को दांथल में बालाजी मंदिर के पास रसोई का कार्यक्रम था। शोभालाल भी रसोई में खाना खाने गया था। वहां से निकल कर शोभालाल अपने दो साथियों के साथ बाइक पर बैठकर बातचीत कर रहा था। शोभालाल दो साथियों के बीच में बैठा था। इसी दौरान विशाल जाट वहां पहुंचा और आते ही शोभालाल के सीने में चाकू मार दिया। इस चाकू के वार से वह गंभीर रूप से घायल हो गया। आरोपित शोभालाल व उसके साथी वहां से भाग छूटे। पीडि़त पक्ष का कहना था कि वह, आरोपित के साथियों को पहचान नहीं पाये। वहीं दूसरी और घायल शोभालाल को उपचार के लिए जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां उसे भर्ती कर लिया गया। देर रात सदर थाना प्रभारी जगदीश प्रसाद मीणा व दीवान जयसिंह अस्पताल पहुंचे और पीडि़त से घटना की जानकारी ली। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Read MoreRead Less
Next Story