पहले कश्मीर, अब ‘हिंदू राष्ट्र’ पर बयानबाजी, बाइडेन की पार्टी के सांसद ने उगला जहर

अमेरिका में राष्ट्रपति जो बाइडेन की पार्टी डेमोक्रेटिक कांग्रेस के सांसद एंडी लेविन अपनी भारत विरोधी छवि के लिए जाने जाते हैं. एंडी लेविन ने एक बार फिर भारत के खिलाफ बयानबाजी की है. अब उन्हें भारत के हिंदू राष्ट्र बनने का खतरा नजर आने लगा है. लेविन ने कहा है कि भारत एक हिंदू राष्ट्रवादी राज्य बनने के खतरे का सामना कर रहा है.अमेरिकी प्रतिनिधि सभा में भाषण देते हुए 62 साल के एंडी लेविनने खुद को आजीवन मानवाधिकार अधिवक्ता बताया. उन्होंने कहा कि मानवाधिकारों के मामलों में अमेरिका को सफलता मिली, लेकिन दुनिया के कई हिस्सों में स्थिति अभी भी गंभीर है.
लेविन ने भारत के खिलाफ जहर उगलते हुए कहा, ”मैं भारत जैसी जगहों पर मानवाधिकारों का एक मुखर वकील रहा हूं. ये देश एक धर्मनिरपेक्ष लोकतंत्र के बजाय एक हिंदू राष्ट्रवादी राज्य बनने के खतरे का सामने कर रहे हैं.” उन्होंने कहा, ”मैं हिंदू धर्म का प्रेमी हूं. जैन धर्म, बौद्ध धर्म और भारत में पैदा हुए अन्य धर्मों को भी पसंद करता हूं, लेकिन हमें भारत में सभी लोगों के अधिकारों की रक्षा करने की जरूरत है. चाहे वे मुसलमान हों, हिंदू हों, बौद्ध हों, यहूदी हों, ईसाई हों या जैन हों.”
कश्मीर को लेकर भी भारत के खिलाफ की थी बयानबाजी
बता दें कि लेविन को कश्मीर के मुद्दे को लेकर भारत के खिलाफ लगातार बयान देने के लिए जाना जाता है. पिछले साल 20 अप्रैल को भारतीय अमेरिकी मुस्लिम परिषद सहित कई मानवाधिकार समूहों की ओर से आयोजित ‘कश्मीर पर भारत का क्रूर उत्पीड़न’ नामक एक विशेष ब्रीफिंग के दौरान लेविन ने इस मुद्दे पर अंतर्राष्ट्रीय ध्यान देने का आह्वान किया था.
भारत आज वह भारत नहीं है, जिससे मुझे प्यार हुआ था- लेविन
लेविन ने आरोप लगाया था, “कश्मीर में जो हो रहा है, वह दुनिया का ध्यान आकर्षित करने वाला है.” उन्होंने अपने भाषण में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर भी गंभीर आरोप लगाए. लेविन ने कहा, ”पीएम मोदी भारत को मानवाधिकारों और लोकतंत्र के मामले में गलत दिशा में ले जा रहे हैं. पीएम मोदी का भारत आज वह भारत नहीं है, जिससे मुझे प्यार हुआ था. मैं ऐसा इसलिए कह रहा हूं, क्योंकि मैं भारत से प्यार करता हूं. इसलिए मैं वहां के लोगों पर हो रहे हमलों को खत्म करने के लिए प्रतिबद्ध हूं.”
लेविन ने कहा कि मैं देखना चाहता हूं कि आने वाली पीढ़ियों के लिए भारत में लोकतंत्र कैसे फलता-फूलता है. लेविन अमेरिका में हाउस फॉरेन अफेयर्स कमेटी के सदस्य हैं और एशिया, प्रशांत, मध्य एशिया और अप्रसार पर उपसमिति के उपाध्यक्ष भी हैं.
