कन्हैयालाल हत्याकांड के चश्मदीद से पूर्व सीएम वसुंधरा राजे ने की मुलाकात, एक लाख रुपये दी सहायता राशि

कन्हैयालाल हत्याकांड के चश्मदीद से पूर्व सीएम वसुंधरा राजे ने की मुलाकात, एक लाख रुपये दी सहायता राशि
X

उदयपुर के बहुचर्चित कन्हैयालाल हत्याकांड के चश्मदीद राजकुमार शर्मा से मिलने के लिए शनिवार को पूर्व मुख्यमंत्री वसुधंरा राजे उनके घर पहुंचीं। यहां पर राजे ने परिजनों से मुलाकात करते हुए राजकुमार शर्मा के हालात के बारे में जानकारी ली।

 पूर्व सीएम वसुंधरा राजे ने यहां पर उनकी बेटी की शादी में सहयोग करने की बात कही। वहीं, आर्थिक सहायता के रूप में एक लाख रुपये दिए। राजे ने परिजनों से कुछ देर बात की। इस दौरान राजकुमार शर्मा के परिजनों ने राजे से कहा कि उन्हें आर्थिक सहायता के रूप में केवल पांच लाख मिले हैं। इसके अलावा किसी को भी नौकरी नहीं मिलने से घर का गुजारा चलाना मुश्किल हो रहा है।


परिजनों ने राजे से यह भी कहा कि उन्हें यहां पर रहने में परेशानी आ रही है। साथ ही आसपास का माहौल सही नहीं होने से कई अन्य जगह पर मकान दिलाने की मांग की। 28 जून 2022 को हुए कन्हैयालाल हत्याकांड के दौरान राजकुमार शर्मा दुकान में बैठकर कपडे़ सील रहे थे। घटना का पूरा दृश्य देखने और बार-बार वही बात जहन में होने से उन्हें दो बार ब्रेन हेमरेज तक हो गया। 

हालांकि सरकारी खर्चे पर उनका ऑपरेशन भी हुआ, लेकिन कोई खास फर्क नहीं पड़ा। राजकुमार की हालत नाजुक बनी हुई है। शनिवार को राजे ने मुलाकात कर परिजनों को ढांढस बंधाने के साथ मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि राजकुमार की हालत देखने के लिए पहुंची हूं।

Next Story