रामलला प्राण प्रतिष्ठा के जश्न में भीलवाड़ा की बदली सूरत, भगवा रंग और भक्ति में डूबे लोग

भीलवाड़ा । सदियों के इंतजार के बाद आखिर आज रामलला अपने घर में विराजमान हो गये। रामलला प्राण प्रतिष्ठा का जश्न भीलवाड़ा में लोग भक्ति के रंग में डूबे नजर आये। ऐसा कोई गली मौहल्ला नहीं बचा जहां भगवा पताका न फहराई और राम आयेंगे जैसा कर्णप्रिय संगीत न बजा हो। आज हर कोई भक्ति के रंग में नजर आया। प्राण प्रतिष्ठा के ठीक बाद मंदिरों में घंटे घडियाल बज उठे और प्रसाद बांटा गया। ऐसा लगा जैसे दीवाली से बड़ा हिंदुत्व का त्यौंहार हो।
वस्त्रनगरी भीलवाड़ा वैसे तो कई दिनों से आज के दिन के इंतजार में थी लेकिन कल पूरी रात आतिशी धमाके होते रहे। राम के आने के स्वागत में भजन कीर्तन किये गये। लोग पूरी तरह भक्ति के रंग में डूबे नजर आये। आज सुबह आम दिनों की बजाय लोग जल्दी उठे और स्नान ध्यान से निवृत हो मंदिरों में पहुंचे और भक्ति में रम गये।
सुबह से तैयारियां
रामलला की प्राण प्रतिष्ठा को लेकर लोगों ने मंदिरों के साथ ही घरों में भी विशेष पूजा अर्चना की। इसके बाद अयोध्या से लाइव प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम को देखने के लिए जुट गए। जबकि युवा वर्ग आतिशबाजी और अपने अपने वाहनों पर भगवा पताका लगाकर बाजारों में समूह के रूप में घूमते नजर आये। मंदिरों में भी आज लोगों की भीड़ रही।
प्राण प्रतिष्ठा के साथ ही मंदिरों में आरतियां, बाजार में आतिशी धमाके
युग पुरूष और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के साथ ही उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री आदित्यनाथ सरसंघ चालक मोहन भागवत के साथ अन्य विशिष्ट लोगों ने जैसे ही प्राण प्रतिष्ठा अनुष्ठान शुरू किया तो राम जी की जयघोष शुरू हो गई। अनुष्ठान और आरती पूरी होने के साथ ही संकट मोचन हनुमान मंदिर, पेच के बालाजी, पंचमुखी बालाजी, हठीले हनुमान मंदिर, दूदाधारी मंदिर, बड़ा चारभुजा नाथ मंदिर के साथ ही अन्य मंदिरों में आरतियां हुई। भगवान को भोग लगाया गया इसके बाद प्रसाद वितरीत किया गया।
हर जगह लोग भक्ति के रंग डूबे नजर आये
रामलला की प्राण प्रतिष्ठा के बाद जयघोष तो गूंजा ही। लोग हाथों में पताका लिये कहीं भक्ति के रंग में नाचते नजर आये तो कहीं समूह में डीजे पर थिरकते देखे गये। आज सिर्फ लोगों में राम जी आये का ही भाव नजर आया। बाजार लगभग बन्द से रहे और लोग काम धाम को भूलकर रामजी के आने की खुशी में मंदिरों की ओर रूख करते नजर आये। मंदिरों में तो प्रसाद वितरीत ही किया गया लेकिन आज कई जगह लंगर लगाकर अलग अलग तरह के प्रसाद लोगों को वितरीत किये गये। मार्ग से जो भी निकला उसे रोकर भक्त प्रसाद देते नजर आये।
धार्मिक आयोजन के साथ ही प्रसादी भी
राम के आने की खुशी में ढोल ढमाके तो बजे ही मंदिरों और सड़कों पर भी आरती के कार्यक्रम हुए। वहीं हठीले हनुमान मंदिर में सुंदरकांड पाठ रखा गया। पंडित बालकिशन शर्मा ने बताया कि पाठ के बाद आरती की गई और फिर आम प्रसादी रखी गई है। जहां हजारों लोगों ने प्रसादी पाई।
वहीं कुछ अन्य मंदिरों में भी प्रसादी का आयोजन किया गया। पेच के बालाजी में बालाजी की पंडित आशुतोष शर्मा ने आरती कर भोग लगाया और मंदिर आने वाले लोगों को प्रसाद वितरीत किया।
रोशनी से नहाया शहर,डीजे पर बजी रामधुन, लाइव प्रसारण भी
वस्त्र नगरी में बीती रात को गौ शालाओं, मंदिरों और चौराहों पर राम के आगमन को लेकर दीप जलाये गए। भवनों पर रोशनी की गई। यूं लग रहा था मानो दीवाली आ गई हो। वैसे तो आज का दिन दीवाली से बढ़कर माना जा रहा है। भवन ही नहीं कई बाजार भी सजाए गए है। जगह जगह डीजे लगाए गए, एलईडी लगाई गई जिन पर अयोध्या से सीधा प्रसारण देखा गया। भीलवाड़ा हलचल ने भी अयोध्या के साथ ही स्थानीय कार्यक्रमों का सीधा प्रसारण किया गया जिसे हजारों ने देखा।
मालाएं और दीपक हुए महंगे
रामजी के आगमन को लेकर आज दीपावली की तरह ही मालाओं और दीयों की अस्थाई दुकानें भी जगह जगह लगी। आम दिनों से दीपक और मालाएं महंगी बिकी है। मालाएं 15 से 20 रुपए तक बेची गई जबकि दीपक दस रुपए की पांच ही बिके है जबकि पहले आठ से दस मिला करते थे।
शोभायात्राएं निकली
भीलवाड़ा शहर के मुख्य बाजार के साथ ही विभिन्न कॉलोनियों मे भी शोभायात्राएं निकाली गई। बैंड बाजों और ढोल नगाड़ों से निकली इन शोभा यात्राओं में लोग नाचते कूदते चल रहे थे। गायत्री नगर, विजय सिंह पथिक नगर, राम नगर, हरणी के साथ ही विभिन्न इलाकों में शोभायात्राओं में लोग बड़ी संख्या में शामिल हुए। अधिकांश गांवों में शोभायात्रा और अन्य धार्मिक कार्यक्रम हुए।
चाक चौबंध व्यवस्था
दीपावली की तरह ही शहर में चाक चौबद व्यवस्था की गई है। कई मार्गों पर वाहनों की आवाजाही रोकी गई। जबकि कुछ मार्गों को तो कार्यक्रमों के चलते बन्द कर दिया गया। प्राण प्रतिष्ठा को लेकर शहर के बाहरी इलाकों में भी नाकेबंदी की गई ताकि किसी भी घटना से निपटा जा सके। पुलिस अधीक्षक श्याम सिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विमल सिंह और अन्य अधिकारी लगातार निगाह रखे हुए थे। वहीं पुलिस भी गश्त करती नजर आई।
गली मौहल्ले हुए भगवामय
रामलला की प्राण प्रतिष्ठा को लेकर आज शायद ही ऐसा भवन बचा जिस पर भगवा पताका नहीं लहराई हो। गली मौहल्ले और बाजार तो भगव पताओं से अटे पड़े हुए थे। आज शहर में और कोई रंग नजर नहीं आया। दुपहिया हो या चौपहिया अधिकांश वाहनों पर भगवा पताका लहराती हुई नजर आई। कई लोग तो भगवा कपड़ों में ही दिखे। बुजुर्ग हो या युवा हर कोई भगवा रंग में रंगा नजर आया है। वर्षों बाद भगवान राम जो आये है।
