कीव के पास हेलीकॉप्टर क्रैश में यूक्रेन के गृहमंत्री समेत 16 लोगों की मौत, हादसा या फिर...

यूक्रेन में एक बड़ा हेलीकॉप्टर हादसा हुआ है, जिसमें गृहमंत्री समेत कई उच्चाधिकारियों की मौत हो गई है। पुलिस ने बुधवार को बताया कि कुल 16 लोगों की इस हादसे में मौत हुई है। हादसा राजधानी कीव के बाहर हुआ है। क्षेत्र के गवर्नर ने पहले कहा था कि हेलीकॉप्टर यूक्रेन की राजधानी कीव के बाहर बोवेरी के पास एक स्कूल के करीब दुर्घटनाग्रस्त हो गया। घटना के बाद इस हादसे का एक वीडियो भी देखने को मिल रहा है, जिसमें घटनास्थल पर चीख-पुकार सुनी जा रही है। चारों ओर आग लगी हुई है।
कीव के क्षेत्रीय प्रशासन के प्रमुख ओलेक्सी कुलेबा ने टेलीग्राम पर कहा, 'ब्रोवेरी शहर में एक हेलीकॉप्टर एक किंडरगार्टन और एक आवासीय इमारत के पास क्रैश हो गया। जिस समय यह हादसा हुआ, उस समय बच्चे और स्कूल के कर्मचारी भी वहां था। इनमें कुछ लोगों की भी मौत हुई है। पुलिस और मेडिकल सर्विस मौके पर पहुंची है।' पुलिस प्रवक्ता के मुताबिक पांच लोग इस हादसे के कारण घायल हुए हैं। दो बच्चों की इस हादसे के कारण मौत हो गई है।
