चीन के शिनजियांग में कोविड लॉकडाउन, निवासी खाने के लिए सिर्फ ब्रेड और नूडल्स पर निर्भर रहने को मजबूर

चीन के शिनजियांग प्रांत के लोग कठोर और सप्ताह भर चलने वाले कोविड-19 महामारी लॉकडाउन के कारण खाने के सीमित विकल्पों से प्रभावित हैं। द न्यूयॉर्क टाइम्स (एनवाईटी) में लिखते हुए क्रिस बकले ने कहा कि सुदूर-पश्चिमी चीन के शिनजियांग क्षेत्र का एक शहर यिनिंग (Yining), जहां कोरोना महामारी के तहत एक महीने तक चलने वाले लॉकडाउन की वजह से भोजन, दवा और अन्य महत्वपूर्ण आपूर्ति की कमी हो गई है। यिनिंग के निवासियों ने भोजन के सीमित विकल्प, दवाइयां प्राप्त करने में हो रही कठिनाई और महिलाओं के लिए सैनिटरी पैड की भारी कमी के लिए मदद का आह्वान किया है।
अगस्त की शुरुआत से ही छह लाख की आबादी वाले इस शहर में लोगों को अपने घरों में रहने के निर्देश दिए गए हैं, जिससे कई लोगों को जरूरत के सामान के लिए बड़े पैमाने पर पड़ोस के अधिकारियों पर निर्भर रहने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है। इनमें से कुछ निवासियों ने कहा कि खाने से संबंधित सामान की आपूर्ती को भी कम कर दिया गया है। उन्हें भोजन के रूप में सिर्फ चावल, नान या इंस्टेंट नूडल्स के रूप में नीरस आहार मिल रहा है। आजाद नाम के एक निवासी ने कहा कि दो सप्ताह तक उसे इंस्टेंट नूडल्स के अलावा कुछ नहीं मिला, इसे अब वह दिन में दो बार से अधिक नहीं खा सकता है। उन्होंने कहा कि यह उनके पाचन तंत्र के साथ खिलवाड़ हो रहा है। इससे पहले लॉकडाउन में कम से कम चावल और नान तो होते थे।
एनवाईटी ने बताया कि कई महिलाओं ने फोन साक्षात्कार में कहा कि वे सैनिटरी पैड प्राप्त करने में असमर्थ हैं, जिससे जीवन बहुत कठिन हो गया है। मदीना नाम की एक महिला ने बताया कि पैसा मुख्य समस्या नहीं है। उसने कहा कि महिला स्वच्छता उत्पादों और डायपर जैसे आइटम अक्सर आधिकारिक आपूर्ति स्टेशनों पर उपलब्ध नहीं होते हैं और अगर आप ऑनलाइन खरीदना चाहते हैं, तो वे बहुत जल्दी बिक जाते हैं।
यहां के निवासियों ने ऑनलाइन और सरकार को लिखे पत्रों में गंदी क्वारंटीन सुविधाओं, आइसोलेशन आदेश के अराजक प्रवर्तन और बुजुर्ग लोगों को उनके घरों से चिकित्सा अवलोकन के लिए ले जाने के बारे में शिकायत की है। हालांकि अधिकारियों ने विफलताओं को स्वीकार कर यिनिंग में बढ़ती हताशा को दूर करने की पूरी कोशिश की है। पिछले हफ्ते, उन्होंने पत्रकारों को बताया कि अफवाहों में कोई सच्चाई नहीं है कि एक वृद्ध निवासी ने गंभीर भूख से पीड़ित होने के बाद खुद को फांसी लगा ली थी। स्थानीय आधिकारिक समाचार सेवा ने पिछले सप्ताह स्थानीय अधिकारियों से आग्रह किया कि वे नाराज निवासियों से बचने के लिए अधिक काम करें।
टेलीफोन से संपर्क करने पर एक निवासी ने कहा कि उसे हर पांच दिनों में भोजन मिलता है, लेकिन उसका पोषण बहुत कम होता है, उनमें फल, सब्जियां या मांस नहीं होते हैं। बकले ने कहा कि उन्होंने कठिन परिस्थितियों का वर्णन करने पर अधिकारियों से प्रतिशोध के डर से अपना नाम केवल जुबैर बताया। यिनिंग में जिन परिस्थितियों का लोगों ने ऑनलाइन या द न्यूयॉर्क टाइम्स के साथ फोन साक्षात्कार में वर्णन किया है, वे चीन के अन्य शहरों के हाल बयां करते है, जहा "डायनेमिक जीरो कोविड" के लिए सरकार की प्रतिबद्धता को लागू करने के लिए लॉकडाउन लगाया गया है, ताकी कोरोनावायरस के संक्रमण को शून्य के करीब रखा जाए।
