LIVE राजस्थान से कांग्रेस को मिलेगी बड़ी हार, फिर कभी नहीं बनेंगे गहलोत मुख्यमंत्री- मोदी

भीलवाड़ा । प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कोटड़ी में चुनावी सभा को सम्बोधित करते हुए कहा कि प्रदेश में अत्याचार, भ्रष्टाचार और माफिया राज से मुक्ति के लिए कांग्रेस के सफाये ही आवश्यकता है और उन्होंने दावा किया कि प्रदेश में अब कभी भी गहलोत मुख्यमंत्री नहीं बन पायेंगे और इस बार उन्हें इतनी बड़ी हार मिलेगी कि वे सोच भी नहीं सकते। कई दिग्गज नेताओं को यहां से बोरियां बिस्तर बांधना पड़ेगा।
प्रधानमंत्री ने अपना उद्बोधन भारत माता की जय, कोटड़ी चारभुजा नाथ की जय, क्यारा के बालाजी जी जय, देवनारायण भगवान की जय, जोगणिया माता की जय आदि भगवानों की जय बुलाते हुए शुरू किया। उन्होंने कहा कि यह चुनाव सभा है या विजय सभा है। जहां जहां नजर पहुंच रही है मैं लोग ही लोग देख रहा हूं। इतनी बड़ी मात्रा में माताएं बहने आशीर्वाद देने आती है तो समझ लेना विजय निश्चित हो जाती है।
मोदी ने शाहपुरा के बारहठ और पथिक परिवारों को याद करते हुए कहा कि कुछ माह पहले ही भगवान देवनारायण के अवतरण दिवस पर एक भक्त के रूप में मैं दर्शन करने आया था। आज मैं सेवक के रूप में आप जनता जनार्दन के दर्शन करने आया हूं। दो दिन के बाद 25 नवम्बर को पूरे राजस्थान में मतदान है। जनता ने भाजपा को अपना आशीर्वाद दे दिया है। इसी के साथ कांग्रेस सरकार के जाने की उलटी गिनती भी शुरू हो गई है। राजस्थान का बच्चा बच्चा कह रहा है, हर मां बहन कह रही है, गांव ढाणी के लोग कह रहे है गहलोत जी, गहलोत जो कोनी मिले वोट जी, गहलोत जी कोनी मिले वोट जी। भीलवाड़ा के लोग कह रहे है, गहलोत जी वोट वोट खई न मिले। भीलवाड़ा ने जब जब बुलाया है तब तब मैं यहां आया हूं। भीलवाडा ने मुझे बिना मांगे सब कुछ दिया है।
प्रियंका का नाम लिये बिना उन्होंने कहा कि दिल्ली के नेता कह रहे कि गहलोत को फिर मुख्यमंत्री बनाएंगे। यह दिल्ली के नेताओं का अहंकार देखिए । आप लोगों को दिल्ली के इनके नेताओं का इतिहास मालूम है। अगर कोई भी कांग्रेस में सच बोले और सच बोलने के कारण इस परिवार को थोड़ी सी असुविधा हो जाय तो मान लेना कि राजनीति तो गड्डे में गई। जिस जिसने इस परिवार के सामने बोला वो मारा गया। पायलट ने एक बार इस परिवार को कांग्रेस की भलाई की लिए चुनौती दी लेकिन यह परिवार ऐसा है कि पालयट को सजा दी । वे तो नहीं रहे लेकिन उनकी खुन्नस बेटे से भी निकाल रहे है। परिवार के खिलाफ जो आवाज उठायेगा उसके खिलाफ यह परिवार कुछ करके ही रहेगा। उन्होंने डंके की चोट पर कहा कि आपके सभी के आशीर्वाद से राजस्थान में इतनी बड़ी कांग्रेस को हार मिलने वाली है। इस बार बड़े बड़े दिग्गज भी बोरियां बिस्तर लेकर घर जाने को मजबूर हो जायेंगे।
उन्होंने कहा कि बांसवाड़ा में मैंने इतनी बड़ी घोषणा की कि अब राजस्थान में गहलोत जी कभी भी मुख्यमंत्री नहीं बन पायेंगे। कांग्रेस के राज में राजस्थान की संस्कृति पर भी खतरा मंडरा रहा है। तुष्टिकरण के लिए कांग्रेस ने जो रास्ता पकड़ा है वो राजस्थान को तबाही की ओर ले जागएा। भीलवाड़ा के लोग अच्छी तरह जानते है कि साम्प्रदायिक तनाव लगातार बढ़ा है। कांग्रेस ने उन्मादी लोगों को खुली छूट दे रखी है। कांग्रेस सरकार रही तो यहां पलायन और बढेगा, महिलाओं और गरीबों पर अत्याचार और बढेगा। आज समय की मांग है कि राजस्थान सरकार से कांग्रेस को हमेश हमेशा के लिए हटाया जाये।
उन्होंने लोगों को कहा कि कांग्रेस को साफ कर देंगे यह काम आप वोट से कर सकते है। वोट कमल को ही दें। नकली लोगों के लिए जगह नहीं होती। हमारा लक्ष्य यही होना चाहिए कि कमल का बटन दबना चाहिए और कांग्रेस की सफाई होनी चाहिए। किसी भी राज्य के विकास के लिए निर्णय और नीति बड़ी भूमिका है। कांग्रेस की नीति दंगाईयों और आतंकियों, अपराधियों पर नरमी की है। इसी कारण राजस्थान को टॉप पर पहुंचा दिया है।
मोदी ने कोटड़ी की भट्टी वारदात की चर्चा करते हुए कहा कि हमें उस घटना ने शर्मसार कर दिया है। यहां की कांग्रेस सरकार ने माहौल ही ऐसा बनाया कि बलात्कारकारियों को डर ही नहीं लगता। यह राजस्थान की माताओं बहनों का अपमान है। मुख्यमंत्री को एक पल यहां रहने का अधिकार नहीं है।
मोदी ने कहा कि हर जिले में महिला थाने और थाने में महिला डेस्क और बेटियों की अधिक से अधिक भर्ती, बेटियां अच्छी तरह पढ़े इसके लिए केन्द्र सरकार द्वारा मेडिकल कॉलेज भी खोला जाएगा। किसानों को बोनस भी दिया जाएगा। पीएम किसान सम्मान निधि की राशि 12 हजार रुपए कर दी जाएगी। राजस्थान में डेयरी के विकास के साथ गोवर्धन प्लांट भी लगाया जाएगा जिससे गोबर से भी कमाई होगी। बिजली, पानी सड़कें राजस्थान को पांच साल में नहीं मिली।
मोदी ने कहा कि भीलवाड़ा की टेक्सटाइल की छवि धूमिल हो गई है। कांग्रेस की नीति के कारण कई उद्योगों ने पलायन किया है। मोदी ने कहा कि बिजौलिया खनन क्षेत्र है लेकिन यहां माफियाओं का राज है। उन पर लगाम लगाई जाएगी। भीलवाड़ा को वंदे भारत ट्रेन मिली है। जिससे लोगों की आवाजाही सुगम हो रही है। उन्होंने कहा कि कोटड़ी में इतनी बड़ी सभा पहले नहीं हुई होगी। उन्होंने कहा कि घर घर जाओगे कमल खिलाओगे। उन्होंने दिवाली का उदाहरण देते हुए कहा कि महिलाएं घर में कोने कोने में सफाई करती है कचरा नहीं रहने देती वैसी ही सफाई राजस्थान में करनी है । पोलिंग बूथ पर कमल खिलाना है। उन्होंने लोगों से कमल खिलाने की गारंटी मांगी। उन्होंने अपना एक निजी काम की बात कहते हुए कहा कि मेरा पर्सनल काम करोगे। हर परिवार में जाकर अपने मोदी जी भीलवाड़ा कोटड़ी आये थे और मोदी जी का राम राम कहना। तब हर परिवार से मुझे आशीर्वाद मिलेगा। हर अशाीर्वाद में उर्जा की जड़ी होती है। प्रेरणा होती है। हर घर जाकर मेरा राम राम पहुंचाना। उन्होंने लोगों को संकल्प दिलाते हुए कहा कि कमल चुनेगा राजस्थान। भीलवाड़ा का गौरव देश की पहचान, कमल खिलेगा राजस्थान, बहन बेटियों का सम्मान, भ्रष्टाचारियों की बंद होगी दुकान, माफिया अपराधी पकडे कान, तुष्टिकरण का काम तमाम। अन्त में उन्होंने भारत माता की जय बोलकर अपना उद्बोधन समाप्त किया।
इस अवसर पर सांसद सुभाष बहेडि़या, जिलाध्यक्ष प्रशांत मेवाड़ा, विधायक प्रत्याशी विट्ठलशंकर अवस्थी, उदयलाल भडाणा, गोपाल खण्डेवाल सहित कई भाजपा कार्यकर्ता मंच पर मौजूद थे।
