किसान पर तेंदुए का हमला, हुई मौत

किसान पर तेंदुए का हमला, हुई मौत
X

उदयपुर। उदयपुर के लसाड़िया में तेंदुए ने एक किसान की जान ले ली। शोभाजी का गुड़ा ग्राम पंचायत के मामादेव वेला गांव में लखमा मीणा (35) पुत्र काना मीणा खेत में पशुओं को चारा खिला रहा था। तेंदुए ने हमला कर लखमा की गर्दन जबड़े में पकड़ ली। फिर तोड़ दी। चिल्लाने की आवाज सुनकर मौके से गुजर रहे लोगों ने उसके भाई को सूचना दी। वह डंडा लेकर दौड़ा तो तेंदुआ गर्दन छोड़कर जंगल में भाग गया। तब तक लखमा बुरी तरह जख्मी हो गया।

लखमा की गर्दन में लगे घाव से खून बहने लगा। परिजन उसे तुरंत कानोड़ सरकारी हॉस्पिटल लेकर रवाना हुए, लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया। सूचना पर सहायक वनपाल बाबूलाल शर्मा, उपप्रधान धनराज पटेल और शोभाजी का गुड़ा के सरपंच शंकर लाल मीणा मौके पर पहुंचे।

जानकारी के अनुसार, मृतक लखमा के दो बेटे और तीन बेटी हैं। दोनों बेटों की शादी हो चुकी है। लखमा खेती व मजदूरी करके परिवार का गुजारा चलाता था। उसके दोनों बेटे भी खेती व मजदूरी करते हैं।

तीन पिंजरा लगाने की तैयारी
क्षेत्र की वनपाल सोनम मीणा ने बताया, शोभाजी का गुड़ा ग्राम पंचायत के आस-पास फॉरेस्ट एरिया है। तेंदुए का मूवमेंट रहता है। पहले भी दो से तीन बार तेंदुए द्वारा पशुओं पर हमला करने की घटनाएं हुई हैं। किसी व्यक्ति पर हमला करने का इस क्षेत्र में पहला मामला है। वन विभाग की ओर से क्षेत्र में 3 पिंजरे लगाए जा रहे हैं। हमला करने वाले तेंदुए को जल्द पकड़ने का प्रयास किया जाएगा।

Next Story