धमाकों की गूंज से थर्राए राजधानी कीव समेत कई शहर

कीव। रूस ने यूक्रेन पर 100 से अधिक मिसाइलों से हमला किया है। मिसाइलों से हुए धमाके से राजधानी कीव समेत कई शहर थर्रा गए। यूक्रेन के राष्ट्रपति के सलाहकार ओलेक्सी एरेस्टोविच के अनुसार रूस ने गुरुवार सुबह 120 मिसाइलें दागीं। पूरे यूक्रेन में हवाई हमले किए गए। राजधानी कीव समेत कई शहरों में धमाकों की आवाज सुनी गई है।
कीव, खार्किव, लविवि, जाइटॉमिर और ओडेसा में धमाकों की आवाज सुनी गई। हमले में एनर्जी इंफ्रास्ट्रक्चर को नुकसान कम हो इसके लिए ओडेसा और निप्रॉपेट्रोस क्षेत्रों में बिजली काटे जाने की घोषणा की गई थी। यूक्रेन की शांति योजना को रूस ने अस्वीकार कर दिया है। इसके साथ ही रूस द्वारा हमला तेज किया गया है। रूस का कहना है कि युद्ध तभी बंद होगा जब यूक्रेन अपने देश के चार क्षेत्रों के रूस में विलय को स्वीकार करेगा। वहीं, यूक्रेन के राष्ट्रपति जेलेंस्की ने 10 सूत्री शांति योजना में कहा था कि रूस यूक्रेन की क्षेत्रीय अखंडता का सम्मान करे और अपने सैनिकों को वापस बुला ले।
तीन लोग हुए घायल
गुरुवार को रूस द्वारा किए गए मिसाइल हमलों में कीव में एक किशोरी सहित कम से कम तीन लोग घायल हो गए। लविवि के मेयर एंड्री सदोवी ने कहा कि इस शहर में रूस द्वारा कम हमले किए गए थे। गुरुवार को हुए हमले के बाद पूरे शहर की बिजली काट दी गई। यूक्रेन की वायु सेना ने सोशल मीडिया पर कहा कि रूस के बमबर्षक विमानों और समुद्री युद्धपोत द्वारा क्रूज मिसाइल दागे गए। यूक्रेन पर सभी दिशाओं से बड़े पैमाने पर हमला किया गया। राष्ट्रपति के सहयोगी मिखायलो पोडोलीक ने कहा कि 120 से अधिक मिसाइलें दागी गईं।
