जहाजपुर में सहयोग से बंद हुआ बाजार, शक्करगढ़ में थानाप्रभारी ने की अपील, सवाईपुर में प्रशासन ने कराई दुकानें बंद और बनेड़ा में भी शाम 6 बजे पसरा सन्नाटा

जहाजपुर में सहयोग से बंद हुआ बाजार, शक्करगढ़ में थानाप्रभारी ने की अपील, सवाईपुर में प्रशासन ने कराई दुकानें बंद और बनेड़ा में भी शाम 6 बजे पसरा सन्नाटा

जहाजपुर (देवेंद्र सिंह राणावत)। कोरोना के बढ़ते संक्रमण के चलते प्रदेश में लागू 60 घंटे के कफ्र्यू के तहत शुक्रवार शाम जैसे ही घड़ी में पांच बजे, तहसीलदार मुकुंद सिंह शेखावत व थानाप्रभारी हरीश सांखला पुलिस बल के साथ बाजार बंद करने की अपील करने निकल पड़े। उनके अनाउंसमेंट के साथ ही व्यापारियों ने सहयोग करते हुए दुकानों के शटर गिरा दिए और थोड़ी ही देर में बाजार में सन्नाटा पसर गया।
पांच बजे से पहले चहल-पहल, 10 मिनट बाद सन्नाटा
शुक्रवार को 60 घंटे का कफ्र्यू लागू होने से पहले कस्बे के व्यस्ततम सदर बाजार में काफी चहल-पहल थी, जो पांच बजने के 10 मिनट में सन्नाटे में तब्दील हो गई। सावों की खरीदारी के चलते बाजार में भीड़ रही। कोरोना गाइडलाइन की धज्जियां उड़ती रही। लोगों ने 5 बजने से पहले जल्दबाजी में खूब खरीदारी की। यहां तक कि लोगों ने किराना का सामान का भी स्टॉक किया।

शक्करगढ़ (सांवरिया सालवी)। वीकेंड कफ्र्यू का आदेश होने पर ग्रामीण क्षेत्र में शुक्रवार को लोगों ने रोजमर्रा की जरूरतों का सामान खरीदा। थाना प्रभारी रामस्वरूप चौधरी ने कस्बे सहित थाना सर्किल के बाकरा, अमरगढ़, आमल्दा, खजूरी जाकर सभी व्यापारियों को एकत्रित कर शुक्रवार शाम 6 बजे से सोमवार सुबह 5 बजे तक सभी दुकानें बंद रखने के लिए निर्देशित किया व थाना क्षेत्र में आमजनों को सोमवार सुबह 5 बजे तक अपने घरों में रहने के लिए माइक से अनाउंस करवाया। ग्रामीणों की शिकायत पर दुकानदारों को कालाबाजारी नहीं करने की हिदायत दी व कहा कि 60 घण्टे के इस कफ्र्यू में कोई दुकान खुली पाई गई या बिना किसी काम कोई घर से निकला तो गाइडलाइन के अनुसार उचित कार्यवाही की जाएगी। साथ ही पुलिस व प्रशासन द्वारा दुकान को सीज करने की कार्रवाई करेगी। वहीं दुकानों पर गुटखा, तम्बाकू उत्पाद की ज्यादा भीड़ देखने को मिली। कई लोगों ने बताया कि पूर्व में लगे लॉकडाउन में तम्बाकू नहीं मिलने से उन्हें काफी समस्याओं का सामना करना पड़ा था। शाम 6 बजते ही कस्बे सहित थाना क्षेत्र में गलियां सुनसान हो गई।

सवाईपुर (सांवर वैष्णव)। शाम 5 बजे बाद प्रशासन ने सवाईपुर, बनकाखेड़ा, ढेलाणा के बाजार बंद करवा दिए। इस दौरान कई दुकानदारों में खलबली मच गई। प्रशासन की टीम में नायब तहसीलदार चैन सिंह, कोटड़ी कृषि अधिकारी महेश कुमावत, कृषि पर्यवेक्षक सतेन्द्र मीणा, सवाईपुर चौकी कांस्टेबल लोकेन्द्र, मोतीराम आदि साथ थे।

बनेड़ा (केके भंडारी)। शुक्रवार शाम 5 बजते ही प्रतिष्ठान बंद होने शुरू हो गए और 6 बजे तो सन्नाटा छा गया। लोग अपने घरों में कैद हो गए। केवल अत्यावश्यक कार्य के लिए ही लोग निकलते दिखे। पुलिस और प्रशासनिक जाब्ता भी निरंतर कस्बे में व्यवस्था संभाले नजर आया। इससे पूर्व दो दिन के बंद को देखते हुए कस्बेवासियों ने आवश्यक चीजों की खरीदारी की इससे बाजार में भीड़ नजर आई।

Read MoreRead Less
Next Story