राजस्थान में सुशासन के नए सवेरे का हुआ आगाज- माहेश्वरी

राजसमन्द (राव दिलीप सिंह) विधायक राजसमंद दीप्ति किरण माहेश्वरी ने कहा कि रविवार को विधानसभा के चुनावों की मतगणना के बाद जारी परिणामों के साथ ही प्रदेश में भाजपा के सुशासन के नए युग का आगाज हुआ है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता कांग्रेस के कुशासन व भ्रष्टाचार के कारण काफी अधिक दुखी थी, ऐसे में आम जनता ने वोट के माध्यम से कांग्रेस को करारा जवाब दिया है।
विधायक दीप्ति माहेश्वरी ने कहा कि प्रदेश की आम जनता ने खुले हृदय से भाजपा के पक्ष में मत एवं समर्थन देकर भाजपा को प्रदेश की सरकार बनाने का बहुमत प्रदान किया है।
उन्होंने कहा कि राजसमंद जिले की चारों सीटों पर ऐतिहासिक जीत हुई है, जिसने यह साबित किया कि मेवाड़ की जनता अपने मान, सम्मान व स्वाभिमान पर अडिग रहते हुए खुले हृदय से भाजपा के पक्ष में मत एवं समर्थन दिया है। उन्होंने राजसमंद व प्रदेश के मतदाताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा की आमजन ने भाजपा की विचारधारा व प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व पर विश्वास रखते हुए बंपर बहुमत प्रदान किया है। उन्होंने कहा कि भाजपा के सुशासन में आम जनता की सेवा के भाव से कार्य होगा तथा राजसमंद के साथ ही प्रदेश में भी विकास की नई गंगा बहेगी।
राजसमंद विधायक दीप्ति किरण माहेश्वरी ने विधानसभा क्षेत्र के समस्त कर्तव्यनिष्ठ, सेवाभावी भाजपा परिवार के कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों व समस्त मतदाताओं का आभार जताया।
