प्रशासन गांवों के संग अभियान में समस्याओं का हो रहा त्वरित निस्तारण कुंथवास शिविर में निपटा वर्षो पुराना खाता दुरुस्ती प्रकरण

उदयपुर, । राज्य सरकार की ओर से जारी महंगाई राहत कैंप व प्रशासन गांवों के संग अभियान के तहत आयोजित शिविर में जहां सरकार की विभिन्न महत्वपूर्ण योजनाओं का लाभ प्रदान किया जा रहा है, वहीं कई वर्षों पुराने प्रकरणों का मौके पर निस्तारण करते हुए परिवादियों को राहत भी प्रदान की जा रही है।
इसी क्रम में जिले के भीण्डर उपखण्ड की ग्राम पंचायत कुंथवास में प्रशासन गांवों के संग अभियान में खाता दुरस्ती से संबंधित प्रकरण में एक परिवादी को राहत प्रदान की गई। शिविर प्रभारी एसडीएम मोनिका जाखड़ के अनुसार परिवादी महिला ने शिविर में उपस्थित होकर बताया कि परिवादी के पति का नाम राजस्व दस्तावेजों में एवं अन्य सभी दस्तावेजो में अलग-अलग होने से उन्हें विभिन्न प्रकार की समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है और कई कार्य भी अटक जाते हैं। इस प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए शिविर प्रभारी ने संबंधित विभाग को त्वरित कार्यवाही कर परिवादी को मौके पर राहत प्रदान करने के निर्देश दिए। इस पर राजस्व विभाग द्वारा खातेदार का नाम संलग्न दस्तावेजों के आधार पर किया जाकर परिवादी को कई वर्षों से चली आ रही समस्या का निस्तारण हाथो-हाथ कर राहत प्रदान की। परिवादी इस त्वरित कार्यवाही से बहुत खुश हुई और सरकार, स्थानीय प्रशासन, शिविर प्रभारी व राजस्व टीम का आभार जताया।
