मुख्यमंत्री गहलोत के प्रस्तावित यात्रा कार्यक्रम को लेकर राजस्व मंत्री जाट ने तैयारियों का लिया जायजा
भीलवाड़ा। राजस्व मंत्री रामलाल जाट मंगलवार को बीगोद क्षेत्र के दौरे पर रहे। उन्होंने बीगोद में राजीव गांधी ग्रामीण ओलंपिक खेलों के ब्लॉक स्तरीय खेल कार्यक्रम में हिस्सा लिया।
मुख्यमंत्री अशोक गहलोत की जिले की प्रस्तावित यात्रा कार्यक्रम को देखते हुए उन्होंने जिला कलक्टर आशीष मोदी, जिला पुलिस अधीक्षक आदर्श सिधू तथा अन्य प्रशासनिक अधिकारियों के साथ खेल मैदान व अन्य तैयारियों का जायजा लिया व अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए।
राजस्व मंत्री रामलाल जाट ने मौजूद खिलाड़ियों और ग्रामवासियों को संबोधित करते हुए कहा कि राजीव गांधी ग्रामीण ओलम्पिक खेलों की शुरूआत हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद के जन्मदिन ‘‘राष्ट्रीय खेल दिवस’’ पर की गई। उन्होंने कहा कि आमजन, विद्यार्थियों, खिलाड़ियों एवं जनप्रतिनिधियों की सहभागिता ने ग्रामीण ओलम्पिक खेलों को सही मायने में ऐतिहासिक और भव्य बना दिया है।
मंत्री जाट ने कहा कि खेलकूद के माध्यम से लोग स्वस्थ होंगे। उन्होंने सभी को जीवन में खेलों और सकारात्मक जीवन शैली अपनाने की बात कहीं। इस दौरान खिलाड़ियों ने ‘‘खेलेगा राजस्थान, जीतेगा राजस्थान‘‘, ‘‘हिट राजस्थान, फिट राजस्थान’’ और ‘‘हिट मांडलगढ़, फिट मांडलगढ़’’ के नारों के साथ माहौल को उत्साहपूर्ण बना दिया।
मंत्री जाट ने कहा कि राजीव गांधी ग्रामीण ओलम्पिक खेल एक ऐतिहासिक कदम है। इससे ग्रामीण विद्यार्थियों की खेलों में रूचि जाग्रत होगी। ग्रामीण प्रतिभाएं भी खेलों में नाम रोशन करेगी।
उन्होंने कहा कि राजीव गांधी ग्रामीण ओलम्पिक खेलों के माध्यम से लोग धर्म, जाति, विचारधारा एवं आपसी मतभेदों से ऊपर उठकर खेल भावना के साथ खेलों के सफल आयोजन में भागीदारी निभा रहे है। पूर्व प्रधानमंत्री स्व. राजीव गांधी ने भारत में संचार क्रांति लाने के लिए अभूतपूर्व कार्य किया, साथ ही देश में खेलों को स्थापित करने में भी उन्होंने महत्वपूर्ण योगदान दिया। उन्होंने देश की एकता और अखंडता को बनाए रखने के लिए जाति, धर्म, लिंग तथा अन्य भेदभावों को खत्म करने के लिए लगातार प्रयास किए।
जिला कलक्टर आशीष मोदी ने खेलों के महाकुंभ में व्यवस्थाओं, लोगों में उत्साह को देखकर तथा खेल भावना के साथ खेलों के आयोजन करवाने पर आयोजकों को बधाई दी।
जिला कलक्टर ने अपने संबोधन में कहा कि कोरोना महामारी के दौरान विभिन्न स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं उजागर हुई, साथ ही बच्चों का खेलना कूदना भी कम हो गया। उन्होंने प्रदेश के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और राज्य सरकार का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि प्रदेश में राजीव गांधी ग्रामीण ओलंपिक खेलों का भव्य आयोजन हो रहा है, जो संभवतः विश्व में कहीं नहीं हुआ। उन्होंने कहा कि खेल भावनाओं के साथ खेल खेले।
इस दौरान मुख्य कार्यकारी अधिकारी जिला परिषद डॉ. शिल्पा सिंह, माण्डलगढ के पूर्व विधायक विवेक धाकड, माण्डलगढ़ प्रधान सतीश चन्द्र जोशी , माण्डलगढ़ नगरपालिका चैयरमैन जफर हुंसैन, बिजौलिया प्रधान आशाकुमारी, उपखण्ड अधिकारी माण्डलगढ़ नेहा छीपा, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मुश्ताक खान सहित विभिन्न जन प्रतिनिधि उपस्थित थे।