जेल से बाहर लाया गया संपत नेहरा, रची थी सुखदेव गोगामेड़ी की हत्या की साजिश, इस जिले की पुलिस ले गई

जेल से बाहर लाया गया संपत नेहरा, रची थी सुखदेव गोगामेड़ी की हत्या की साजिश, इस जिले की पुलिस ले गई
X

सुखदेव सिंह गोगामेड़ी की हत्या की साजिश रचने वाले गैंगस्टर संपत नेहरा को पंजाब की बठिंडा जेल से बाहर लाया गया है। रुपनगर (रोपड़) पुलिस उसे प्रोडक्शन वारंट पर लेकर गई है। हालांकि उसे किस मामले में पुलिस प्रोडक्शन वारंट पर ले गई, यह स्पष्ट नहीं हो पाया है।

 बता दें कि राष्ट्रीय राजपूत करणी सेना के प्रमुख सुखदेव सिंह गोगामेड़ी की हत्या की साजिश पंजाब की बठिंडा सेंट्रल जेल में करीब दस महीने पहले ही रची गई थी। पंजाब पुलिस ने उनकी हत्या की आशंका जताते हुए मार्च में राजस्थान पुलिस को इनपुट भेज कर अलर्ट भी किया था। पंजाब पुलिस ने मार्च में राजस्थान पुलिस को बकायदा एक पत्र लिखा था।


पत्र में बताया गया था कि बठिंडा जेल में बंद लॉरेंस बिश्नोई गिरोह का गैंगस्टर संपत नेहरा सुखदेव सिंह गोगामेड़ी की हत्या की साजिश रच रहा है। उसने वारदात के लिए एके-47 का इंतजाम कर लिया था। इसके बावजूद गोगामेड़ी की हत्या हो गई। हालांकि, अलर्ट के बाद राजस्थान एटीएस के अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (सुरक्षा) को इस बारे में सूचित किया गया था। 

उल्लेखनीय है कि मंगलवार को सुखदेव सिंह गोगामेड़ी की जयपुर में दिन-दहाड़े गोलियां मारकर हत्या कर दी गई थी। हत्या की जिम्मेदारी रोहित गोदारा ने ली थी, जो लॉरेंस गैंग का गुर्गा है। संपत नेहरा और गोदारा लंबे समय से एक-दूसरे को जानते हैं।

पंजाब पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि गोगामेड़ी की हत्या के बाद जेलों में बंद गैंगस्टरों की गतिविधियों पर कड़ी नजर रखी जा रही है। उनकी सुरक्षा भी बढ़ा दी गई है। वहीं, अगर राजस्थान पुलिस प्रोडक्शन वारंट लेकर आती है तो आरोपी संपत नेहरा को राजस्थान भेज दिया जाएगा। संपत नेहरा लॉरेंस बिश्नोई का करीबी है। ये वही गैंगस्टर है जो पिस्टल लेकर अभिनेता सलमान खान को मारने मुंबई पहुंच गया था। संपत नेहरा को पंजाब पुलिस ने मार्च महीने में हथियार तस्करी के एक मामले में प्रोडक्शन वारंट पर लिया था।

Next Story