शांति जैन महिला मंडल सेवा एवं भक्ति की मिसाल,चातुर्मास सफलता में अहम भूमिका -समकितमुनि
भीलवाड़ा। धर्मनगरी भीलवाड़ा का शांति जैन महिला मंडल सेवा एवं भक्तिभावना से कार्य करने की मिसाल है। मंडल की सदस्याएं समर्पित भाव से पूरे चातुर्मास को सफल बनाने में जुटी रही जिसकी अनुमोदना करते है। चातुर्मास की सफलता में सभी का अहम योगदान है एवं इनके उज्जवल भविष्य की मंगलकामना करते है। ये विचार श्रमणसंघीय सलाहकार सुमतिप्रकाशजी म.सा. के सुशिष्य आगमज्ञाता, प्रज्ञामहर्षि डॉ. समकितमुनिजी म.सा. ने शांतिभवन में श्री शांति जैन महिला मंडल की ओर से प्रकाशित ‘‘दिव्य भक्ति वंदन’’ पुस्तक का विमोचन करते हुए व्यक्त किए। उन्होंने पुस्तक प्रकाशन के लिए महिला मंडल को बधाई देते हुए उम्मीद जताई कि इसमें संकलित भजन, चौबीसी व गीत उपयोगी साबित होंगे। मानव जीवन को रसमय बनाने में गीत-संगीत की अहम भूमिका है। पुस्तक विमोचन से पूर्व उसकी प्रति शांतिभवन श्रीसंघ के अध्यक्ष राजेन्द्र चीपड़, उपाध्यक्ष सुरेश सिंघवी, विशिष्ट अतिथि एसपी संचेती, वरिष्ठ सुश्रावक कंवरलाल सूरिया एवं भूपेन्द्र पगारिया ने पूज्य समकितमुनिजी म.सा. आदि ठाणा 3 को समर्पित की। इसके बाद पुस्तक का विमोचन अतिथियों, महिला मंडल की पदाधिकारियों एवं पुस्तक निर्माण में सहयोगी परिवारों ने किया। मंडल की संरक्षक इन्द्रा बापना ने पुस्तक के बारे में जानकारी दी। अतिथियों का स्वागत महिला मंडल की अध्यक्ष स्नेहलता चौधरी एवं मंत्री सरिता पोखरना ने किया।