शिया धर्मगुरु ने राजनीति छोड़ी, इराक में राष्ट्रपति भवन में घुसे समर्थक; हिंसा में 20 की मौत,देशभर में कर्फ्यू

शिया धर्मगुरु ने राजनीति छोड़ी, इराक में राष्ट्रपति भवन में घुसे समर्थक; हिंसा में 20 की मौत,देशभर में कर्फ्यू
X

बगदाद,। इराक के एक प्रभावशाली शिया मौलवी मुक्तदा अल-सद्र ने सोमवार को कहा कि वे राजनीति से किनारा कर सकते हैं। इसके बाद मौलवी के समर्थकों में नाराजगी फैल गई और विरोध में उन्होंने राष्ट्रपति के महल और अन्य सरकारी दफ्तरों में धावा बोल दिया। सुरक्षा बलों से टकराव में कम से कम 20 लोगों की जान चली गई और 300 से ज्यादा लोग घायल हो गए हैं। आशंका है कि हिंसा का यह दौर लंबा भी खिंच सकता है। इस बीच देश में अब कर्फ्यू लगा दिया गया है। बिगड़ी परिस्थितियों को देखते हुए पड़ोसी देश ईरान ने इराक जाने वाली अपनी सभी उड़ानें रद कर दीं और सीमा पर सभी प्रवेश द्वार बंद कर दिए। इस बीच हिंसा को देखते हुए संयुक्त राष्ट्र प्रमुख एंटोनियो गुटेरेस ने भी शांति की अपील की है।

 

इस्तीफे की घोषणा होते ही समर्थक भड़के

अल-सद्र के गुट ने भी संसद से इस्तीफा दे दिया है। इस्तीफे की घोषणा होते ही उनके समर्थक भड़क गए और सरकारी संपत्ति को निशाना बनाने लगे। सेना ने शहर में स्थानीय समयानुसार शाम सात बजे कर्फ्यू की घोषणा की। तनाव कम करने और टकराव टालने के लिए यह कदम उठाया गया। हालांकि उग्र भीड़ तोड़फोड़ करती रही। सुरक्षा बल सरकारी संस्थानों, निजी एवं सार्वजनिक संपत्ति और दूसरे देशों के दूतावासों की सुरक्षा में जुटे रहे।

Next Story