सुनक की कैबिनेट में सुएला ब्रेवरमैन की हुई वापसी, ट्रस के कई सहयोगियों ने दिया इस्तीफा

हाल ही में लिज ट्रस के मंत्रिमंडल से इस्तीफा देने वाली भारतीय मूल की ब्रिटेन की गृहसचिव सुएला ब्रेवरमैन ने नवनियुक्त ब्रिटिश पीएम ऋषि सुनक के मंत्रिमंडल में एक बार फिस से वापसी कर ली है। सुनक ने उन्हें अपने मंत्रिमंडल में गृहसचिव का पद दिया है। गौरतलब है कि पीएम पद ग्रहण करते ही सुनक एक्शन के मूड में आ गए हैं। उन्होंने अपने मंत्रिमंडल की घोषणा से पूर्व ही ट्रस के मंत्रिमंडल के कई मंत्रियों से उनका इस्तीफा मांग लिया। बता दें कि भारतीय मूल के ऋषि सुनक मे आज किंग चार्ल्स तृतीय से बकिंघम पैलेस में मुलाकात की थी। जहां किंग ने उन्हें सरकार बनाने के लिए कहा था। इस पर सुनक ने उनसे वादा किया था कि 'काम तुरंत शुरू हो जाएगा।'
सुनक की कैबिनेट में इन लोगों ने की वापसी
ऋषि सुनक ने अपनी कैबिनेट का भी एलान किया है। ब्रिटेन के प्रधानमंत्री के आधिकारित ट्विटर हैंडल से जानकारी दी गई है कि डोमिनिक राब, जिन्होंने बोरिस जॉनसन के नेतृत्व वाले कैबिनेट में उप प्रधान मंत्री और न्याय सचिव के रूप में कार्य किया था, उन्हें वापस उन्हीं पदों पर बहाल कर दिया गया है। गौरतलब है कि राब ने बीते सप्ताह सुनक को अपना समर्थन देने का वादा किया था। उनके अलावा, ट्रस के मंत्रिमंडल से इस्तीफा देने वाली सुएला ब्रेवरमैन को गृहसचिव बनाया गया है। वहीं, जेरेमी हंट, जिन्होंने क्वासी क्वार्टेंग की जगह ली है, वित्त मंत्री के रूप में बने रहेंगे। इन तीनों के अलावा, जेम्स क्लीवरली सुनक के वफादार नहीं होने के बावजूद विदेश सचिव के रूप में अपने पद पर बने रहेंगे।
बेन वालेस रक्षा सचिव के पद पर बने हुए हैं और नादिम ज़हावी को टोरी पार्टी के अध्यक्ष और बिना पोर्टफोलियो के मंत्री नियुक्त किया गया है। यूके होम ऑफिस में ब्रेवरमैन के उत्तराधिकारी, ग्रांट शाप्स, अब नए व्यापार सचिव हैं। वही, डाउनिंग स्ट्रीट ने पुष्टि की है कि गिलियन कीगन को शिक्षा राज्य सचिव नियुक्त किया गया है। पेनी मॉरडॉन्ट को हाउस ऑफ कॉमन्स के नेता के रूप में फिर से नियुक्त किया गया है।
