सोमालिया में 26/11 जैसा आतंकी हमला, 11 घंटों से जारी है गोलीबारी, 11 की मौत

पूर्वी अफ्रीकी देश सोमालिया में बड़ा आतंकवादी हमला हुआ है। खबर है कि आतंकवादियों को राजधानी मोगादीशू स्थित एक होटल को निशाना बनाया है। हमले में अब तक 11 लोगों की मौत हो चुकी है। बीते 11 घंटों से आतंकवादियों और सुरक्षाबलों के बीच गोलीबारी का दौर जारी है। रिपोर्ट्स के अनुसार, समुद्र किनारे मौजूद इस होटल के बड़े हिस्से को आतंकवादियों ने अपने कब्जे में ले लिया है।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, अल कायदा से जुड़े अल शबाब ने मोगादीशू में होटल हयात पर हमला कर दिया है। आतंकियों ने गोलीबारी से पहले दो कार धमाकों को अंजाम दिया था। समाचार एजेंसी एएनआई के अनुसार, एक पुलिस अधिकारी ने बताया, 'दो कार बम के जरिए होटल हयात को निशाना बनाया गया। एक होटल के बैरियर के पास लगा और इसके बाद एक धमाका होटल के गेट पर हुआ। हमारा मानना है कि लड़ाके होटल के अंदर हैं।'
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, सुरक्षा अधिकारी अब्दुकादिर हसन ने बताया कि सुरक्षाबलों और हमलावरों के बीच गोलीबारी जारी है। खास बात है कि हयात मोगादीशू के लोकप्रिय इलाकों में से एक है। यहां कई होटल मौजूद हैं, जिसमें सरकार के बड़े अधिकारियों और आम नागरिकों आना जाना रहता है
