डकैती डालने वाले बदमाश ने भागने का किया प्रयास, पैर में लगी गोली

डकैती डालने वाले बदमाश ने भागने का किया प्रयास, पैर में लगी गोली
X

राजसमंद।  राजसमंद में 23 अगस्त को कांकरोली क्षेत्र स्थित जल चक्की के पास स्थित रूपम गोल्ड ज्वेलर्स से 4 नकाबपोश बदमाशों ने पिस्टल की नोक पर 3 किलो सोना और 18 लाख कैश की लूट की थी। मंगलवार को लूट के एक आरोपी से पुलिस की मुठभेड़ हो गई।

आरोपी ने पुलिस कॉन्स्टेबल की पिस्टल से टीम पर फायर करने की कोशिश की। जवाबी कार्रवाई में आरोपी घायल घायल हो गया। लूट के आरोपी को मौका तस्दीक के लिए लाया गया था। वारदात कुंवारिया थाना इलाके के विनोल गांव के जंगल के पास हुई।

बिहार से गिरफ्तार कर लाई थी पुलिस

जानकारी के अनुसार आरपोपी कृतिक कुमार उर्फ किट (20) पुत्र कन्हैया लाल पासवान को राजसमंद पुलिस ने पटना की एसटीफ व वैशाली जिले की स्पेशल टीम की मदद से बिहार के वैशाली जिले के बिदुपुर में दबिश देकर पकड़ा था।

मंगलवार को पुलिस टीम आरोपी को मौका तस्दीक करवाने के लिए ले जा रही थी। इस दौरान विनोल गांव के जंगल के पास आरोपी ने कॉन्स्टेबल की पिस्टल छीनकर टीम पर फायर की कोशिश की। जवाबी फायरिंग में आरोपी जख्मी हो गया।

वारदात में 4 बदमाश थे शामिल

एसपी सुधीर चौधरी के मुताबिक- शहर में भगवानदास मार्केट के सामने रूपम गोल्ड ज्वेलर्स से गोल्ड और कैश की लूट में बिहार के सुबोध सिंह गैंग का नाम सामने आया था। राजस्थान में एक साल में पिस्टल की नोक पर 6 लूट की वारदातें एक ही तरीके से हुई थी।

पुलिस को शक था कि लूट की वारदात बिहार या झारखंड की गैंग ने की है। बदमाशों ने लूट से पहले रेकी की थी। इसके लिए 10 दिन पहले किराए पर कमरा लिया था। पुलिस के मुताबिक दुकान में घुसने, मारपीट करने सहित सभी तरीके बिहार की सुबोध सिंह गैंग जैसे ही थे।

लुटेरों ने भीलवाड़ा रेलवे स्टेशन के पास से एक अपाचे बाइक भी बरामद हुई थी, यह बाइक बिहार के पटना से 15 जून को चुराई गई थी। ऐसे में राजसमंद पुलिस का शक पुख्ता हो गया था। चारों आरोपी वारदात के बाद बाइक से भीलवाड़ा स्टेशन पहुंचे और बिहार के लिए रवाना हो गए।

गैंग के बारे में राजसमंद पुलिस ने जानकारी जुटाई तो सामने आया कि ये गिरोह बिहार का है और अलग-अलग एरिया में एक्टिव है। इस पर राजसमंद पुलिस ने 3 अलग-अलग टीम बनाकर बिहार, झारखंड, मध्यप्रदेश, उत्तर प्रदेश एवं दिल्ली के अपराध प्रभावित क्षेत्रों में भेजी। सभी तीन टीमों ने बिहार में 18 दिन तक आरोपियों को ट्रैक किया।

इसके बाद टीम ने पटना की एसटीफ व वैशाली जिले की स्पेशल टीम की मदद से बिहार के वैशाली जिले के बिदुपुर में दबिश देकर एक आरोपी कृतिक कुमार पासवान को हिरासत में लिया। पूछताछ में उसने वारदात करना कबूल किया। इसके बाद उसे बापर्दा गिरफ्तार किया और अन्य 3 साथियों और लूटे गए जेवरात-कैश के बारे में पूछताछ की।

घटना के बाद से था व्यापारियों में रोष

घटना के बाद से एक महीने से राजसमंद-कांकरोली के व्यापारियों में रोष रहा। बाजार बंद कर दिए गए। आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की गई। ​​​​कांकरोली से कलक्टरी तक रैली निकाली गई। पुलिस ने तुरंत 10 टीमें बनाकर 150 से ज्यादा सीसीटीवी खंगाले थे। व्यापारियों के साथ साथ भाजपा ने भी आक्रोश जताया था। विधायक दीप्ति माहेश्वरी ने धरने पर बैठने की धमकी दी थी।

Next Story