महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए संस्था चला रही प्रकल्प - राणावत

महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए संस्था चला रही प्रकल्प - राणावत
X

भीलवाड़ा/बिजौलियां,(पिकू खोतानी)।  बाईसा री मनवार सामाजिक संस्था द्वारा बिजौलियां बस स्टैंड के पास राज भवानी वाटिका में एक दिवसीय संतरगी फाग महोत्सव का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में महिलाओं व युवतियों ने तलवारबाजी, नृत्य और अन्य प्रस्तुतियां दी। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि बिजौलियां पंचायत की सरपंच पूजा चंद्रावल मौजूद रही। इस अवसर पर महिलाओं ने एक दूजे को गुलाल लगाई और फूलों से होली खेलकर फाग का उत्सव मनाया। संस्था की पदाधिकारी सुनीता नाथावत, रेखा राजावत और विजयलक्ष्मी राजावत ने अतिथियों एवं सम्मिलित महिलाओं का अभिनंदन किया।

 

बाईसा री मनवार संस्था की संस्थापक संतोष राणावत ने बताया कि कार्यक्रम महिला सशक्तिकरण को समर्पित रहा। रंग-बिरंगे परिधान पहने सांस्कृतिक परिवेश में सजी-धजी महिलाओं ने फाग उत्सव का जमकर आनंद लिया। स्नेह मिलन भी हुआ। विभिन्न प्रतियोगिताएं भी आयोजित की गई जिनमें महिलाओं व युवतियों ने तलवारबाजी, लोक नृत्य और राजस्थानी गीत-संगीत की प्रस्तुतियां दी। चयनित प्रतिभाओं का कार्यक्रम में अतिथियों द्वारा स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मान भी किया गया। कार्यक्रम में प्रांत से कई महिलाओं ने भाग लिया। कार्यक्रम में तलवारबाजी का विशिष्ट प्रदर्शन और लिटिल बाईसा वॉक आकर्षक का केंद्र रही। 

 

कार्यक्रम की मुख्य अतिथि सरपंच-बिजौलियां पूजा चंद्रावल ने सम्बोधित करते कहां कि हमारी संस्कृति, सभ्यता और विरासत का पालन करना हमारा कर्तव्य है। संस्था के माध्यम से महिलाओं के उत्थान और सशक्तिकरण की दिशा में हो रहे कार्य सराहनीय है। कार्यक्रम में सभी की मनभावन प्रस्तुतियां रही। विधिक अधिकारों के प्रति महिलाओं को जागरूक किया गया। कार्यक्रम के माध्यम से बेटी-बचाओ बेटी पढ़ाओ, बाल विवाह रोको का संदेश भी दिया। संस्थापक संतोष राणावत ने कहा कि ऐसे कार्य करने से आत्म संतुष्टि मिलती हैं। संस्था का उद्देश्य संस्कृति, समर्पण और संस्कार को आगे बढ़ाना है। संस्था के माध्यम से महिलाओं को आत्मनिर्भर और सशक्त बनाना है। संस्था से प्रदेश की हजारों महिलाएं जुड़ी हुई हैं। संस्था नारी के आत्मसम्मान के लिए समर्पित है। संस्था द्वारा महिलाओं के आर्थिक नियोजन से जुड़े हुए प्रकल्प भी संचालित किए जा रहे हैं। कार्यक्रम में महिलाओं और बच्चों के लिए मंनोरंजन के साथ स्नेह भोज की व्यवस्था भी रही। सभी ने कार्यक्रम में उत्साह से भाग लिया।

Next Story