उड़ान भरते ही विमान ने खोया संतुलन, बचे इमरान खान

पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान को ले जा रहा एक विमान शनिवार को दुर्घटनाग्रस्त होने से बच गया। डेली पाकिस्तान की रिपोर्ट के अनुसार इमरान खान शनिवार को एक रैली को संबोधित करने के लिए गुजरांवाला जा रहे थे। इस दौरान विमान संतुलन खोने लगा जिसके बाद पायलट ने आनन-फानन में कंट्रोल टॉवर से संपर्क किया और विमान को इस्लामाबाद एयरपोर्ट पर सुरक्षित उतारने में कामयाब रहे। हालांकि, बाद में उन्होंने सड़क मार्ग से गुजरांवाला की यात्रा की।
गुजरांवाला में गरजे इमरान
गुजरांवाला पहुंचते ही पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ के अध्यक्ष ने लोगों को संबोधित किया और चेतावनी दी कि अगर देश और अर्थव्यवस्था को मौजूदा सरकार के तहत बचाना है तो आवाज उठाएं। जिन्ना स्टेडियम में उन्होंने कहा, कि मैं उन लोगों को संबोधित कर रहा हूं जिनके पास ताकत है। उन्होंने कहा कि मैं सरकार से पूछना चाहता हूं कि यह सरकार किस तरह इस देश और अर्थव्यवस्था को नीचे ले जा रही है।
