मतदाताओं को जागरूक करने के लिए निकला मशाल जुलूस

राजसमंद। विधानसभा आम चुनाव में मतदाता जागरूकता कार्यक्रम के तहत आमजन से मतदान की अपील करने हेतु बुधवार को सायं 6 बजे से मशाल रैली का आयोजन किया गया। जुलूस को जिला निर्वाचन अधिकारी नीलाभ सक्सेना ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान स्वीप कार्यक्रम प्रभारी जिला परिषद सीईओ राहुल जैन तथा आरओ राजसमंद बृजेश गुप्ता सहित अन्य उपस्थित रहे।
सीईओ ने बताया कि मतदान प्रतिशत बढ़ाने, मतदाताओं को निर्भीक होकर मतदान करने, मतदान के प्रति जागरूकता पैदा करने के उद्देश्य से मशाल जलुस का आयोजन किया। यह जुलूस जे के मोड़ से शुरू होकर जल चक्की पहुँच मानव शृंखला बनाई गई। अंत में इसका गांधी सेवा सदन में समापन हुआ। इस दौरान मतदाता जागरूकता के नारे लगाए गए। बैंड बाजों और ढोल नगाड़ों को भी शामिल किया गया। मतदाता जागरूकता पोस्टर भी प्रदर्शित किए गए।
इस दौरान विभागों के अधिकारी, कर्मचारी, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, स्काउट गाइड द्वारा भाग लिया गया। इसके साथ ही उन्होंने बताया कि मतदाताओं के जागरूकता कार्यक्रम के तहत सभी ग्राम पंचायतों में रात्रि चौपाल का आयोजन किया जा रहा है।
