अमेरिकी प्रतिनिधि सभा अध्यक्ष नैंसी पेलोसी के पति पर हथौड़े से हमला

अमेरिकी प्रतिनिधि सभा अध्यक्ष नैंसी पेलोसी के पति पर हथौड़े से हमला
X

वाशिंगटन : अमेरिकी प्रतिनिधि सभा की अध्यक्ष (स्पीकर) नैंसी पेलोसी के सैन फ्रांसिस्को स्थित आवास में शुक्रवार तड़के एक हमलावर ने घुसकर उनके पति पर एक हथौड़े से हमला किया. घटना की जांच की जानकारी रखने वाले दो लोगों ने शुक्रवार को मीडिया को बताया कि पेलोसी नैंसी के पति पॉल पेलोसी (82) के सिर और शरीर पर कुंद वस्तु से हमला किये जाने से चोटें आई हैं. उन्हें एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां चिकित्सक उनका उपचार कर रहे हैं. सबसे बड़ी बात यह है कि रूस-यूक्रेन युद्ध के बीच नैंसी पेलोसी ने ताइवान की यात्रा की थी. ताइवान पर आधिपत्य जमाने की फिराक में बैठा चीन उनकी इस यात्रा के विरोध में था. अब जबकि उनके पति पर जानलेवा हमला किया गया है, तो कयास यह लगाया जा रहा है कि इस हमले के पीछे कहीं चीन का हाथ तो नहीं है?

सोची-समझी साजिश का हिस्सा है हमला

समाचार एजेंसी एसोसिएट प्रेस की रिपोर्ट की मानें, तो मौके पर उपस्थित लोगों ने बताया कि हमलावर ने सोची-समझी साजिश के तहत पेलोसी के आवास को निशाना बनाया. नैंसी पेलोसी के प्रवक्ता ड्रीव हैमिल ने बताया कि पॉल के चोटों से पूरी तरह से उबर जाने की उम्मीद है. नैंसी के के प्रवक्ता ड्रीव हैमिल ने बताया कि हमलावर को हिरासत में ले लिया गया है और हमले के मकसद का पता लगाया जा रहा है. प्रवक्ता ड्रीव हैमिल ने कहा कि स्पीकर और उनका परिवार घटना के बाद उनकी मदद करने वालों और मेडिकल कर्मियों का आभारी है. साथ ही, उन्होंने इस वक्त अपनी निजता का सम्मान किये जाने का अनुरोध किया.

एफबीआई और पुलिस कर रही है हमले की जांच

संसद सदस्यों की सुरक्षा की जिम्मेदार संभाल रही कैपिटल पुलिस ने कहा कि नैंसी अपने पति पर हुए हमले के वक्त वाशिंगटन में थीं. नैंसी यूरोप में एक सुरक्षा सम्मेलन के इसी हफ्ते वाशिंगटन लौटी हैं. कैपिटल पुलिस ने कहा कि एफबीआई और सैन फ्रांसिस्को पुलिस भी जांच कर रही है. हमलावर सैन फ्रांसिस्को पुलिस की हिरासत में है. हमले की परिस्थितियां स्पष्ट नहीं हैं, लेकिन हमले ने अमेरिकी संसद सदस्यों और उनके परिवार की सुरक्षा को लेकर अतिरिक्त सवाल पैदा किये हैं.

Next Story