VIDEO 4 बदमाशों ने मकान से लूटे लाखों रुपये व गहने, 80 साल की महिला को बंधक बनाया,3 संदिग्ध पकड़े, 1 की तलाश

भीलवाड़ा विजय गढ़वाल। शहर में एक बार फिर बदमाशों ने बड़ी वारदात को अंजाम देते हुये एक मकान से लाखों रुपये की नकदी सहित सोने-चांदी के जेवरात लूट लिये। लूट की इस वारदात को अंजाम देने से पहले बदमाशों ने घर में अकेली 80 साल की महिला को बंधक बनाने के बाद उस पर गद्दे डाल दिये। तेजाजी का चौक इलाके में हुई इस वारदात के बाद भीमगंज पुलिस अलर्ट मोड पर आ गई और सीसी टीवी फुटेज चेक कर तीन संदिग्धों को डिटेन कर लिया, जबकि एक फरार बताया गया है, जिसकी तलाश जारी है।
पीडि़त मैमुना बानु के पति नूर मोहम्मद के अनुसार, तेजाजी चौक क्षेत्र में रहने वाली मैमुना बानो 80 पत्नी नूर मोहम्मद मंसूरी बुधवार दोपहर घर में अकेली थी। पति नूर मोहम्मद दोपहर करीब सवा बारह बजे घर से चाय पीने बाहला इलाके में गये थे। मैमुना बानों के घर में अकेले होने का फायदा उठाकर चार बदमाश मकान में घुस। इन बदमाशों ने मैमुना बानो का मुंह दबाकर उस पर बिस्तर डाल दिये। इस दौरान वह फर्स पर सो रही थी। इसके बाद बदमाशों ने आलमारी के ताले तोड़कर उसमें रखे लाखों रुपये की नकदी व सोने-चांदी के गहने लूट लिये। वारदात को अंजाम देने के बाद ये बदमाश पैदल ही वहां से भाग निकले।
बेटा आया तो चला वारदात का पता
नूर मोहम्मद ने बताया कि उनके दो बेटे हैं, जो उनके आस-पास वाले मकानों में अलग रहते हैं। नूरमोहम्मद का कहना है कि वे, अपनी पत्नी मैमुना बानों के साथ रहते हैं। वारदात के बाद उनका बेटा मोहम्मद हनीफ घर आया तो उसे वारदात का पता चला।
बाहर खड़े बिजलीकर्मी ने भागते देखा बदमाशों को
वारदात को अंजाम देकर जब बदमाश, इस मकान से निकले तब पीडि़त के घर के पास ही बिजलीकर्मी खड़ा था। उसने इन बदमाशों को घर से काला बैग लेकर भागते देखा था। पीडि़त परिवार के लोगों ने पहले तो इस बिजलीकर्मी को बदमाशों का साथी मान लिया, लेकिन बाद में उसने कहा कि उसने कोई वारदात नहीं की, बल्कि उसने तो भागते चार बदमाशों को देखा था।
बिजलीकर्मी के साथ बेटा पहुंचा होटल पर, पिता को दी जानकारी
नूर मोहम्मद ने घर से निकलकर बाहला स्थित चाय की होटल पर पहुंचकर चाय पी थी कि उनका बेटा मोहम्मद हनीफ, बिजलीकर्मी के साथ बाइक पर होटल पर पहुंचा और वारदात की जानकारी उन्हें दी। इसके बाद नूर मोहम्मद भी घर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी।
पुलिस को बताई बड़ी राशि
वारदात की सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस को घबराये परिवारजनों ने बताया कि बदमाश उनके घर से 40 लाख रुपये नकद, छह किलो चांदी और 20 से 25 तोला सोना ले गये। लेकिन बाद में परिवारजनों ने इतना माल नहीं जाने की बात कही।
पति की थी पान की दुकान, पत्नी बनाती थी रज्जाई-गद्दे
नूरमोहम्मद ने बताया कि उनकी पहले बड़ला चौराहे पर पान की दुकान थी। वहीं उनकी पत्नी मैमुना बानो नागौरी गार्डन में रज्जे-गद्दे भरती थी। करीब नौ दस महीने पहले ही रज्जे-गद्दे वाली दुकान बंद कर दी थी।
सिंधी युवक ने अमानतन रखे थे साढ़े आठ लाख
नूर मोहम्मद ने बताया कि सिंधुनगर के एक सिंधी परिवार से उनके अच्छे तालुकात है। इसके चलते इस परिवार का युवक अमानतन साढ़े आठ लाख रुपये उनके घर रखकर गया था। वहीं 50 हजार रुपये उनकी दुकान का किराया आया था। इसके अलावा मैमुना बानो ने भी अपनी कमाई के सारे रुपये घर में ही जमा कर रखे थे। ये राशि व गहने बदमाश ले गये।
सीसी टीवी से मिला सुराग, तीन को किया डिटेन
सूत्रों के अनुसार, इस बड़ी वारदात की खबर मिलते ही भीमगंज पुलिस की टीम एक्टिव मोड पर आ गई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुये वारदातस्थल के आस-पास के सीसी टीवी फुटेज खंगाले। इस फुटेज में बदमाश कैद मिले। इनमें से एक बदमाश की पहचान हो गई। इसके बाद पुलिस ने तीन संदिग्धों को दबोच लिया। वहीं एक बदमाश पुलिस के हाथ नहीं लग पाया। पुलिस का कहना है कि इस वारदात में शामिल तीन युवक मुस्लिम, जबकि एक सालवी समाज का युवक शामिल हैं।
