VIDEO नामांकन रोड शो में उमड़ा जन सैलाब, कोठारी बोले- न बीजेपी न अवस्थी का विरोध, हम चले विकास की राह पर ...

भीलवाड़ा (हलचल ) कांग्रेस और भाजपा प्रत्याशियों को टक्कर देने के लिए सनातन समाज की ओर से विधानसभा चुनाव में निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में अशोक कोठारी ने आज अपनी नामजदगी दर्ज कराई। इस मौके पर निकाले गए रोड शो में जन सैलाब उमड़ा। भाजपा और संघ के कई लोग रोड शो में शामिल हुए। कोठारी ने कहा कि वे न भाजपा के और न ही विट्ठलशंकर अवस्थी के विरोध में चुनाव मैदान में उतरे है। वे भीलवाड़ा के विकास और मित्रों के आग्रह पर राजनीति में आए है। उन्होंने अपनी प्राथमिकता भी बताई।
सांगानेरी गेट स्थित दूदाधारी मंदिर के बाहर आज सुबह स्वत: ही हजारों लोगों की भीड़ जुटी। मौका था सनातनी अशोक कोठारी के नामांकन जुलूस का। कोठारी ने मंदिर में भगवान के दर्शन किये और इसके बाद बड़े मंदिर की ओर समर्थकों के साथ रवाना हुए। लोगों ने विभिन्न नारे और मुद्दे लिखी तख्तियां हाथ में लिये हुए थे। बैण्ड बाजे और ढोल की थाप पर इस रोड शो में कई लोग नाचते हुए भी नजर आये। सांगानेरी गेट से रेलवे स्टेशन चौराहे के बीच जगह जगह लोगों ने कोठारी का गर्मजोशी के साथ स्वागत किया। किसी ने शॉल ओढाई तो किसी ने माला पहनाई और कई जगह फूलों की बरसात की गई। खुली जीप में कोठारी के साथ अपनी ही पार्टी के विरोध में भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष लादूलाल तेली, नगर परिषद में उप सभापति रामलाल योगी, पूर्व उपसभापति दिनेश शर्मा, कन्हैयालाल स्वर्णकार तथा भाजपा में चुनाव कार्य की जिम्मेदारी निभाने वाले पूर्व सभापति लक्ष्मीनारायण डाड भी सवार थे। रोड शो में कई पार्षद, संघ से जुड़े कार्यकर्ता, विभिन्न संगठनों के पदाधिकारी और भाजपा के कई कार्यकर्ता भी शामिल हुए। जुलूस इतना लम्बा था कि इन्तिम छोर बड़े मंदिर के पास और अगला हिस्सा महाराणा टॉकीज पर था। रेलवे स्टेशन चौराहे पर कोठारी का मुस्लिम समुदाय की ओर से भी स्वागत किया और उन्होंने पानी की छबील भी लगाई।
नामजदगी के बाद पत्रकारों से बातचीत करते हुए कोठारी ने कहा कि भीलवाड़ा के विकास के लिए उन्होंने मित्रों और सहयोगियों के आग्रह पर राजनीति में कदम रखा है । वे न तो बीजेपी के और न ही विट्ठलशंकर अवस्थी के विरोध में खड़े हुए है। उन्होंने कहा कि शहर के विकास के लिए उन्होंने प्राथमिकताएं भी तय की है। उन्होंने कहा कि मेरे इस फैसले के विरोध में परिजन भी थे लेकिन आज वे आज भी खुश होकर मुझे सम्बल दिया है। उन्होंने कहा कि मैं किसी का विरोधी नहीं हूं। शहर के विकास में जो कमियां रही है उसे दूर कर इसे बड़े शहरों की तर्ज पर विकसित करने की सोच रखकर यह कदम उठाया है। उन्होंने कहा कि आज उन्हें जनता का काफी प्यार मिला है और मैं इस प्यार पर खरा उतरने का प्रयास करूंगा।
मैदान से नहीं हटूंगा, पांच साल का कान्टेक्ट :
कोठारी ने एक सवाल के जवाब में कहा कि वे नाम वापसी नहीं करेंगे। हम मित्र चारभुजाजी गए थे तब पांच साल का कांन्टेक्ट तय कर लिया । उनका कहना था कि वे न तो नाम वापस लेंगे और न ही पीछे हटेंगे। इससे यह साफ हो गया है कि वे चुनाव मैदान में डटे रहेंगे। उन्होंने कहा कि आज के लोगों के प्यार को देखकर हम और मजबूत हुए है। उन्होंने कहा कि हमारे द्वार हर समय लोगों के लिए खुले रहेंगे और हम लोगों के बीच रहेंगे।
उन्होंने कहा कि राजनीति को शाम, दाम, दंड, भेद के लिए जाना जाता है। लेकिन मेरा मानना है कि राजनीति स्पष्ट और स्वच्छता से करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि हम इस धरती पर आए है तो एक मकसद से आए है और इस मकसद को पूरा करेंगे। उन्होंने कहा कि हमारा वोट सत्य की ओर जाएगा।
