VIDEO इंदिरा गांधी स्मार्टफोन योजना का शुभारम्भ : हम केवल वादा नहीं करते, निभाते भी हैं - गहलोत

भीलवाड़ा (हलचल)। प्रदेश की महिलाओं को आज से मुफ्त स्मार्टफोन देने की शुरुआत मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने जयपुर के बिरला सभागार से की। पहले फेज में 40 लाख महिलाओं को मोबाइल फोन बांटने का लक्ष्य है। अगले फेज में 80 लाख मोबाइल दिए जाएंगे। इंदिरा गांधी स्मार्टफोन योजना का शुभारंभ करते हुए गहलोत ने कहा कि आज एक बजट घोषणा पूरी होने जा रही है। इससे स्पष्ट होता है कि हम केवल वादा नहीं करते, निभाते भी हैं। भीलवाड़ा नगर परिषद सभागार में जिला स्तरीय कार्यक्रम हुआ। सीएम गहलोत ने कहा कि यह स्मार्टफोन महिलाओं को मजबूत सशक्त बनाएगा और यह महिला सशक्तिकरण का प्रतीक है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और बीजेपी के लोग कहते हैं कि रेवडिय़ां बांट रहे हैं। ये रेवडिय़ां नहीं है, यह महिला सशक्तिकरण के लिए दिया है। उन्होंने कहा कि 2030 तक राजस्थान देश के टॉप राज्यों की श्रेणी में आकर खड़ा हो जाए इसके लिए हम सब से सुझाव लेंगे। साल 2030 में कौन मुख्यमंत्री रहेगा यह अलग बात है लेकिन हमें प्रदेश के अग्रणी पंक्ति में लाकर खड़ा करना है।
गहलोत ने कहा कि दुनियाभर में सेमीकंडटर चिप की कमी है, इस कारण मोबाइल नहीं बन रहे हैं। यही वजह है कि अलग-अलग फेज में मोबाइल दिए जाएंगे। सीएम ने लाभार्थियों से भी संवाद किया। नगर परिषद सभागार में राजस्व मंत्री रामलाल जाट, सहाड़ा विधायक गायत्रीदेवी त्रिवेदी, जिला कलेक्टर आशीष मोदी, कांग्रेस जिलाध्यक्ष अक्षय त्रिपाठी, यूआईटी सचिव अभिषेक खन्ना, पूर्व विधायक विवेक धाकड परिषद की पूर्व सभापति मधु जाजू, नेता प्रतिपक्ष धर्मेंद्र पारीक, नगर परिषद आयुक्त हेमाराम चौधरी, जिला परिषद सीईओ मोहनलाल खटनावलिया सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं लाभार्थी उपस्थित थे।
