VIDEO भीलवाड़ा में वारदात- हाइवे पर पीएनबी का एटीएम काटकर बदमाश लूट ले गये 14 लाख 70 हजार, मचा हड़कंप

भीलवाड़ा प्रेमकुमार गढ़वाल । भीलवाड़ा जिले में भी अपराधी बेखौफ नजर आ रहे हैं।यहां एक बार फिर एटीएम काट पैसे लूटने वाले पेशेवर गिरोह की चहल-कदमी शुरु हो गई। ताजा वारदात, चित्तौडग़ढ़-भीलवाड़ा नेशनल पर नितिन स्पीनर्स के नजदीक स्थित पीएनबी एटीएम में हुई हैं, जहां सोमवार-मंगलवार की मध्य रात्रि को बदमाशों ने एटीएम मशीन को गैस कटर से काट दिया और अंदर रखे 14 लाख 70 हजार रुपये लेकर फरार हो गए। बताया गया है कि वारदात को अंजाम देने के दौरान बदमाशों ने वहां लगे सीसी टीवी कैमरे भी बंद कर दिये, ताकि रिकॉर्डिंग न हो सके। मंगलवार सुबह जब वारदात का पता चला तो पुलिस महकमे के साथ ही बैंक स्टॉफ में खलबली मच गई।खास बात यह निकल कर सामने आई है कि इस एटीएम मशीन में कल ही पैसा डाला गया था।
जानकारी के अनुसार, हमीरगढ़ थाना इलाके में नेशनल हाइवे स्थित नितिन स्पिनर्स के पास पीएनबी का एक एटीएम स्थित है। जहां रात में सुरक्षा गार्ड तैनात नहीं था। इसका फायदा उठाकर बीती देर रात बदमाशों ने एटीएम पर धावा बोल दिया। बताया गया है कि बदमाशों ने एटीएम मशीन को काटकर बॉक्स में रखी नकदी लूटकर भाग गये। इससे पहले बदमाशों ने एटीएम पर लगे सीसी टीवी कैमरे भी बंद कर दिये।
मंगलवार सुबह एटीएम टूटा देखकर लोगों ने हमीरगढ़ पुलिस को सूचना दी। इसके बाद पुलिस के साथ ही आला अधिकारी मौके पर पहुंच गये। बैंक स्टॉफ को भी मौके पर बुलवाया गया। छानबीन करने पर पता चला कि बदमाश, इस एटीएम से 14 लाख 70 हजार रुपये लूटकर ले गये। बताया गया है कि सोमवार को ही एटीएम मशीन में पैसा डाला गया था। पुलिस आस-पास लगे सीसी टीवी फुटेज खंगाल रही है ताकि बदमाशों का पता चल सके।
