VIDEO नगर परिषद ने सड़कें बेची, अब सर्वे कराकर निरस्ती की होगी कार्रवाई, फिर तोड़े जायेंगे निर्माण-बोले पाठक

भीलवाड़ा (राजकुमार माली) । नगर परिषद ने कई सड़कों को ही बेच दिया जहां अब व्यवसायिक परिसर खड़े हो गए है। ऐसे मामलों का अब सर्वे कराकर परिषद ही उन पर बुलडोजर चलाने जा रही है।
नगर परिषद सभापति राकेश पाठक ने आज यह सनसनीखेज खुलासा करते हुए कहा कि शहर की 60 फीट और उससे अधिक चौड़ी सड़कों का कल से सर्वे कराया जाएगा। उन्होंने सिंधुनगर क्षेत्र में एक भूखण्ड की फाइल को बताते हुए कहा कि अधिकार पत्र में सड़क 60 फीट और 30 फीट दर्शाई गई है लेकिन नगर परिषद द्वारा जो नक्शा पास किया गया है। उसमें सड़क 49 फीट और 22-23 फीट रह गई है। इससे साफ जाहिर होता है कि नगर परिषद के अधिकारियों और कर्मचारियों ने मिलीभगत कर सड़क को ही बेच डाला। सिंधुनगर क्षेत्र में इस तरह के कई मामले होने का भी उन्होंने दावा किया और कहा कि शनिवार से एटीपी को 60 फीट सड़कों का सर्वे करने का निर्देश दिया गया है। पाठक ने कहा कि सर्वे के बाद इस बात का पता चलेगा कि सड़कों को किसने बेचा है या फिर उन पर अवैध निर्माण किया है। दोनों ही ही स्थिति में परिषद कार्रवाई करेगी। अगर सड़कें बेची गई तो उन्हें निरस्त किया जाएगा और अगर अवैध निर्माण किया तो भी कार्रवाई कर उस पर बुलडोजर चलाने की कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
उल्लेखनीय है कि शहर में सड़कें ही नहीं बल्कि नगर परिषद ने कई सेनेटरी गलियों को भी बेच दिया है। पहले जहां मकानों के बीच सेनेटरी गलियां थी वह आज नजर नहीं आती है। उन्हें बन्द कर उन पर दुकानें तक बना दी गई है। जिससे कई तरह की सुविधाएं भी बन्द सी हो गई है। लेकिन परिषद इस ओर मूकदर्शक बनी हुई है।
