VIDEO जनसेवक मर्यादित भाषा का उपयोग करें-डॉ. दुष्यंत शर्मा

भीलवाड़ा । लोगों से मिल रही शिकायत के बाद सहाड़ा विधायक लादूलाल पीतलिया ने गंगापुर अस्पताल का औचक निरीक्षण किया और अस्पताल में अव्यवस्थाओं को लेकर डॉक्टर राजेन्द्र मोर्य को खरी खोटी सुनाई और अस्पताल में व्यवस्थाओं को सुधारने की नसीहत दी। पीतलिया ने डॉक्टरों पर रिश्वत लेने, कमीशन के चक्कर में एक्सरे बाहर से करवाने, गोलियां बाहर से मंगवाने के आरोप भी लगाये। इस बात का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इससे वहां के डॉक्टर पीतलिया से नाराज हुए है।
आईएमए के वाइस प्रेसिडेंट डॉ.दुष्यंत शर्मा ने इस पर आक्रोश जताया और कहा कि जिस तरह विधायक लादूलाल पीतलिया ने गंगापुर अस्पताल के डॉक्टरों के साथ अशोभनीय भाषा का प्रयोग किया है वह निंदनीय है। उन्होंने कहा कि जिन डॉक्टरों को प्रधानमंत्री ने कोरोना काल में भगवान का रूप दिया और उन पर फूल बरसाये। उन्होंने कहा कि अस्पताल में अव्यवस्थाओं पर कानूनी विकल्प लेना चाहिए न कि अमर्यादित भाषा का उपयोग करें। शर्मा ने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा से मांग की है कि वे अपने विधायकों को मर्यादित भाषा में बोलने का निर्देश दें।
डॉ. मौर्य बोले, बातों से ठेस पहुंची
डॉ. राजेंद्र मौर्य ने कहा कि आज तक मुझसे किसी ने ऐसे बात नहीं की, उनकी बातों से बहुत ठेस पहुंची। विधायक ने बताया था कि अस्पताल में समस्याओं की शिकायत थी, जैसे दवाईयां व जांचे बाहर से कराई जा रही है, डिलेवरी केस में रुपए लिए जा रहे हैं। इस पर मैंने कहा कि आज तक मेरे कोई शिकायत नहीं आई है। उन्होंने जिस भाषा का इस्तेमाल किया उससे सभी चिकित्सक आहत हुए है और इस तरह का व्यवहार आज तक कभी किसी जनप्रतिनिधि ने नहीं किया।
