VIDEO गायों को लंपी रोग से छुटकारा दिलाने के लिए आज से प्रारंभ हुई दो दिवसीय "गौ संकट निवारण पदयात्रा"

VIDEO गायों को लंपी रोग से छुटकारा दिलाने के लिए आज से प्रारंभ हुई दो दिवसीय गौ संकट निवारण पदयात्रा
X

 भीलवाड़ा  BHN   गौवंश में फैल रही लंपी स्किन डिजीज से उन्हें छुटकारा दिलवाने के लिए राजस्थान बीज निगम अध्यक्ष सह राज्यमंत्री  धीरज गुर्जर ने आज 14 अक्टूबर के दिन 'गौ संकट निवारण पदयात्रा' की शुरुआत की।

प्रातः 10:15 बजे  धीरज गुर्जर एवं पूर्व शिक्षा मंत्री  गोविंद सिंह डोटासरा सहित राजस्थान राज्य अन्य पिछडा वर्ग, वित्त एवं विकास आयोग जयपुर अध्यक्ष  पवन गोदारा, राज्य सफाई कर्मचारी आयोग अध्यक्ष  किशनलाल जैदिया  ने भीलवाड़ा स्थित संकट मोचन हनुमान मंदिर से गौ पूजा कर, साधु संत महात्माओं का आशीर्वाद लेकर विधिवत तौर पर पदयात्रा का शुभारंभ किया।

पहले दिन पदयात्रा रात को सातोला का खेड़ा, कोटड़ी पहुंची। इस दौरान सातोला खेड़ा में विशाल 'गौ भजन संध्या' का भी आयोजन किया गया, जिसमें देश के प्रसिद्ध कलाकारों ने गौ माता और ईश्वर स्तुति के भजनों, गीतों को प्रस्तुत किया।

राज्य मंत्री ऊर्जा (स्वतंत्र प्रभार), जल संसाधन, इंदिरा गांधी नहर परियोजना एवं जल संसाधन (आयोजना) विभाग  भंवर सिंह भाटी शुक्रवार शाम 6 बजे उदयपुर से प्रस्थान कर रात्रि 8 बजे सातोला खेड़ा पहुंचे तथा आयोजित हो रही विशाल गौ भजन संध्या में सम्मिलित हुए।

पदयात्रा के दौरान धीरज गुर्जर ने कहा कि “गौ माता हमारी आस्था का केंद्र है। आज अपनी माता को लंपी जैसी गंभीर, संक्रामक बीमारी से पीड़ित देखकर काफी कष्ट होता है। सरकार के स्तर पर, गौवंश को इससे बचाने के लिए हमारा भरपूर प्रयास जारी, सरकार को काफी सफलता भी मिली। लेकिन मुझे पूर्ण विश्वास है कि ईश्वर के आशीर्वाद से ये विपदा पूरी तरह से खत्म हो जाएगी।”

उन्होंने आगे कहा कि “मैं सभी गौभक्तों से अपील करता हूँ कि आप भी पदयात्रा में शामिल हों। गौमाता को लम्पी से बचाने के लिए ईश्वर का ध्यान, सुमिरन ज़रूर करें।”

अगले दिन, 15 अक्टूबर को पदयात्रा शनिवार को प्रातः 9 बजे सातोला का खेड़ा से शुरू होकर श्री कोटडी चारभुजानाथ धाम पहुंचेगी। जहां पदयात्री शीश नवाकर गौ माता के संकट निवारण की प्रार्थना करेंगे। ब्राह्मणों द्वारा पूजा पाठ, अभिषेक, विशाल ब्रह्मभोज एवं विशाल गौ छप्पन भोग व हजारों किलो की गौ लापसी भोग के साथ "गौ संकट निवारण पदयात्रा" पूर्ण होगी।

Next Story